Site icon Chatur Post

Weather छत्‍तीसगढ़ में हाड़ कंपा देने वाली ठंड: मैदानी क्षेत्र में शीतलहर, पाला की चपेट में पहाड़ी क्षेत्र

weather

Weather रायपुर। छत्‍तीसगढ़ के बड़े हिस्‍से में हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। राज्‍य के लगभग पूरे मैदानी क्षेत्र में शीतलहर चल रही है तो पहाड़ी क्षेत्र पाले की चपेट में है। अभी दो-तीन दिनों तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है।

आबादी क्षेत्र से बाहर कड़ाके की ठंड

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के अधिकांश हिस्‍सों में शीतलहर जैसी स्थिति है। शहरी आबादी क्षेत्रों की तुलना में आउटर और ग्रामीण क्षेत्रों का तापमान सामान्‍य से काफी नीचे चल रहा है। मैदानी क्षेत्रों में ठंडी हवा की गति लगभग दो किलो मीटर प्रति घंटा है। इस सर्द हवा के कारण तापमान और गिर रहा है।

उत्‍तरी छत्‍तीसगढ़ में पाला

उत्‍तरी छत्‍तीसगढ़ पाला की चपेट में है। पूरे सरगुजा संभाग में भीषण ठंड पड़ रही है। रात में ठंड इतनी ज्‍यादा पड़ रही है कि सुबह ओस की बुंदें जम जा रही हैं। इसकी वजह से में दोपहर तक अच्‍छी ठंड महसूस की जा रही है। कुछ घंटों की हल्‍की राहत के बाद फिर ठंड बढ़नी शुरू हो जा रहा है। इससे जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है।

इस वजह से पढ़ रही है ठंड

मौसम विज्ञानियों के अनुसार पूरे उत्‍तर भारत में बर्फबारी हो रही है। पहाड़ों पर बर्फ की चादर बिछी हुई है। झील और झरनों का पानी भी जम गया है। ऐसे में उत्‍तर से आ रही हवा बेहद सर्द है। इसका असर छत्‍तीसगढ़ समेत पूरे देश के मौसम पर पड़ रहा है। देश के दक्षिणी राज्‍यों को छोड़कर शेष भारत पूरी तरह ठंड की चपेट में है।

दिन और रात का तापमान सामान्‍य से नीचे

पूरे छत्‍तीसगढ़ में दिन और रात का तापमान सामान्‍य से नीचे चला गया है। राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान सामान्‍य से डेढ़ डिग्री कम 26.5 और न्‍यूनतम तापमान सामान्‍य से एक डिग्री कम 11.8 रिकार्ड किया गया।

माना एयरपोर्ट के आसपास के क्षेत्रों में न्‍यूनतम तापमान 7.8 डिग्री तक पहुंच गया है जो सामान्‍य से लगभग 5 डिग्री कम है। इसी तरह वहां का अधिकतम तापमान सामान्‍य से एक डिग्री कम 26.7 रिकार्ड किया गया।

बिलासपुर का अधिकतम तापमान 26.8 रहा, जो सामान्‍य से एक डिग्री कम है। वहां का न्‍यूनतम तापमान 11 डिग्री रिकार्ड किया गया जो सामान्‍य से दो डिग्री कम है।

पेंड्रा रोड का न्‍यूनतम तापमान सामान्‍य से 3.2 डिग्री कम 7 डिग्री और अधिकतम तापमान सामान्‍य से 1.3 डिग्री कम 24.2 रिकार्ड किया गया।

अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 23.3 रहा जो लगभग सामान्‍य है। वहीं, न्‍यूनतम तापमान सामान्‍य से 3.5 डिग्री कम 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इसी तरह जगदलपुर का अधिकतम तापमान 27.9 और न्‍यूनतम तापमान 9.3 रिकार्ड किया गया। वहां का दिन का तापमान लगभग सामान्‍य के करीब है, जबकि न्‍यूनतम तापमान सामान्‍य से 1.3 डिग्री कम है।

Exit mobile version