Weather रायपुर। छत्तीसगढ़ से मानसून की वापसी नजदीक आ गई है। दक्षिण पश्चिम मानसून छत्तीसगढ़ में केवल 10 दिन का मेहमान है। हालांकि इस बार मानसून की वापसी के बाद भी अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है।
मानसून राजस्थान, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, जम्मू- कश्मीर, उत्तराखंड से पूरी तरह लौट चुका है। गुजरात के बड़े हिस्से के साथ ही मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों से भी मानसून की वापसी हो चुकी है। मानसून की वापसी की रेखा गुजरात के भरुच, मध्य प्रदेश के उज्ज्ैन और झांसी से होकर गुजर रही है।
छत्तीसगढ़ से मानसून की वापसी 5 अक्टूबर के आसपास शुरू होगी राज्य में मानसून की वापसी सरगुजा संभाग से शुरू होगी और 10 से 15 अक्टूबर तक बस्तर संभाग होती हुई राज्य से पूरी तरह लौट जाएगी।
इधर, बंगाल की खाड़ी में एक और निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय हो रहा है। उधर कच्छ की खाड़ी में पहले से एक सिस्टम सक्रिय है। दोनों तरफ बने इन सिस्टमों का छत्तीसगढ़ के मौसम पर व्यापक असर होने की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य के दर्जनभर से ज्यादा जिलों में आज भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में चार अक्टूबर तक व्यापक बारिश की संभावना है। इस दौरान राज्य के मध्य और दिक्षणी हिस्से में कहीं- कहीं भारी बारिश हो सकती है। कहीं- कहीं बिजली गिरने की भी संभावना है।
बुधवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ एक स्थानों पर बिजली गिरने और भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। भारी बारिश की यह चेतावनी पूरे राज्य के लिए जारी की गई है।