Site icon Chatur Post

Weather दक्षिणी छत्‍तीसगढ़ में मानसून जैसी बारिश, उत्‍तर में गिरे ओले, मैदानी क्षेत्रों में ठंड का अहसास

weather

Weather रायपुर। छत्‍तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एकदम बदल चुका है। मार्च के शुरुआत में जहां गर्मी लोगों को बेहाल कर रही थी, वहीं मैदानी क्षेत्रों में ठंड का अहसास होने लगा है। राज्‍य के किसी हिस्‍से में तेज बारिश हो रही है तो कहीं ओले गिर रहे हैं। राज्‍य में मौसम का मिजाज अगले एक दो दिनों तक इसी तरह बना रह सकता है।

बस्‍तर में हुई जमकर बारिश

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को बस्‍तर मे जमकर बारिश हुई। संभाग के ज्‍यादार हिस्‍सों में बारिश दर्ज किया गया है। इस दौरान कोंटा में तीन सेमी बारिश दर्ज की  गई है। सामान्‍यत: इतनी बारिश मानसून के सीजन में होती है। जगदलपुर में भी अच्‍छी बारिश हुई है।

सरगुजा संभाग में गिरे ओले

वहीं, उत्‍तरी छत्‍तीसगढ़ में बारिश के साथ ओले गिरे हैं। सरगुजा संभाग के कई स्‍थानों पर तेज हवा और गरज-चमक के साथ ओले गिरे हैं। इसका असर तापमान पर पड़ा है। ज्‍यादातर स्‍थानों का तापमान गिर गया है।

गर्मी में ठंड का अहसास

इधर, मैदानी क्षेत्रों में भी कई स्‍थानों पर बारिश हुई है। राजधानी रायपुर के कई इलाकों में शुक्रवार को आधी रात बाद बारिश हुई। लगातार बदली और बारिश के कारण तापमान में कमी आई है। हवा भी ठंडी हो गई। ऐसे में सुबह का मौसम खुशनुमा हो गया है। मौसम में ठंडक बढ़ गई है।

सामान्‍य से नीचे आया तापमान

मौसम के इस बदले रुख के कारण पूरे प्रदेश में दिन और रात का तापमान सामान्‍य से नीचे चला गया है। जगदलपुर का अधिकतम तापामन सामान्‍य से लगभग 5 डिग्री सेल्सियस कम हो गया है। शुक्रवार को वहां का अधिकतम तापमान 31 डिग्र दर्ज किया गया।

बिलासपुर का अधिकतम तापमान 33.5 रिकार्ड किया गया जो सामान्‍य से करीब तीन डिग्री कम है। रायपुर का अधिकतम तापमान भी लगभग तीन डिग्री नीचे आ गया है। यहां का तापमान 32.9 रिकार्ड किया गया।

छत्‍तीसगढ़ के मौसम का पुर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को राज्‍य के अधिकांश स्‍थानों पर बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान एक- दो स्‍थानों पर तेज हवा के साथ हल्‍की बारिश होने की संभावना है।

Exit mobile version