
Weather रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदल रहा है। मकर संक्रांति के साथ ही राज्य में ठंड का असर कम होता दिख रहा है। अभी केवल उत्तरी छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। राज्य के बाकी हिस्सों में धीरे- धीरे तापमान चढ़ने लगा है।
अंबिकापुर में दिन और रात के तापमान में 18 डिग्री का अंतर
सरगुजा संभाग के अधिकांश हिस्सों में अभी ठंड का असर बना हुआ है। संभागीय मुख्यालय अंबिकापुर में रात में अब भी हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है, लेकिन दिन में ठंड कम होने लगी है। वहां के दिन और रात के तापमान में लगभग 18 डिग्री का अंतर का गया है। सरगुजा का न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री है, जबकि अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
रायपुर में 17 डिग्री का अंतर
राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान बढ़कर 27.9 डिग्री तक पहुंच गया है। वहीं न्यूतम तापमान भी 13.9 डिग्री तक चढ़ गया है। शहर के आउटर का तापमान भी बढ़ने लगा है। माना में चार- पांच दिन पहले तक न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के नीचे था, अब वहां भी रात का तापमान 13.9 तक पहुंच गया है।
दुर्ग की रातें सर्द, दिन में गर्मी
मैदानी क्षेत्रों में इस बार सबसे ज्यादा ठंड दुर्ग में पड़ी है। वहां जनवरी के शुरुआत से ही लगातार शीतलहर की स्थिति बनी रही। अब वहां का भी तापमान चढ़ने लगा है। वहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री दर्ज किया गया। दोनों के बीच 20 डिग्री का अंतर आ गया है।
बस्तर संभाग में भी ठंड गायब
बस्तर संभाग में भी ठंड में कमी आई है। जनवरी के शुरुआत में वहां भी अच्छी ठंड पड़ रही थी, लेकिन अब वहां का तापमान भी बढ़ने लगा है। जगदलपुर का अधिकतम तापमान 29 से ऊपर चला गया है, जबकि न्यूनतम तापमान भी 13 डिग्री तक पहुंच गया है।
छत्तीसगढ़ के मौसम को लेकर अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी छत्तीसगढ़ में अभी एक- दो दिनों तक शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है। राज्य के बाकी हिस्सों में आज तापमान स्थिर रहेगा। इसके बाद तापमान में वृद्धि होगी। यानी ठंड में और कमी आ सकती है।




