Weather Report रायपुर। छत्तीसगढ़ के मैदानी क्षेत्रों गर्मी कहर बरपा रहा है। राज्य के अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है।
अभी दो दिनों तक यही स्थिति बनी रह सकती है। इसके बाद राहत की कुछ बूंदें गिर सकती हैं। फिलहाल राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में सुबह से ही गर्मी महसूस होने लगी है। सूरज की तपिश के कारण दोपहर में लोग बाहर निकलने से बच रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार पूरे राज्य का मौसम शुष्क बना हुआ है। गर्म हवाओं के कारण दिन का तापमान तेजी से चढ़ रहा है। गुरुवार को दुर्ग शहर सबसे गर्म रहा। वहां का अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया। राज्य में अभी केवल बस्तर संभाग में तापमान 40 डिग्री से नीचे है। बाकी सभी संभागों के अधिकांश स्थानों का अधिकतम तापमान इससे ऊपर चल रहा है।
राजधानी रायपुर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार अगले चौबीस घंटो के दौरान रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग में एक दो स्थानों पर लू चल सकती है। अगले तीन दिनों तक राज्य के अधिकांश स्थानों के तापमान में कोई विशेष बदलाव की संभावना नहीं दिख रही है। इसके बाद गिरावट आ सकती है।
एक द्रोणिका मध्य छत्तीसगढ़ से विदर्भ, तेलंगाना, के साथ आंतरिक कर्नाटक व तमिलनाडु के ऊपर बना हुआ है। इसके कारण दो दिन बाद छत्तीसगढ़ में कहीं- कहीं तेज गरज और हवा के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
शहर | अधिकतम | न्यूनतम |
रायपुर | 43.7 | 29.6 |
माना | 43.2 | 29.7 |
बिलासपुर | 43.7 | 25.4 |
पेंड्रा रोड | 42.2 | 23.8 |
अंबिकापुर | 40.4 | 19.6 |
जगदलपुर | 38.1 | 25.9 |
दुर्ग | 44.2 | 25.2 |