
Weather रायपुर। छत्तीसगढ़ के मौसम में आज से बदलाव की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य में आंधी चलने की चेतवानी जार की है। राज्य के कुछ हिस्सों में 30 से 50 किलो मीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है। यह स्थिति 16 मार्च तक बनी रहेगी।
इस वजह से बदल रहा है मौसम
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम बंगाल के ऊपर चक्रवात के साथ द्रोणिक बनी हुई है। इसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी पड़ सकता है। राज्य में तेज हवा और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की भी संभावना बन रही है।
पूरे छत्तीसगढ़ पर असर पड़ने की संभावना
आंधी का असर पूरे राज्य पर पड़ेगा। इसकी शुरुआत बस्तर संभाग से होगी और धीरे- धीरे इसके आगे बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग ने आज बस्तर संभाग के तीन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें सुकमा, बीजापुर और दंतेवाड़ा शामिल हैं।
छत्तीसगढ़ में निकाय और पंचायत चुनाव: मतदाता सूची का कार्यक्रम जारी, 05 मई को होगा अंतिम प्रकाशन
शनिवार को बस्तर संभाग के सातों जिलों के साथ बालोद के लिए भी अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद 15 और 16 मार्च को पूरे राज्य में तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है।
हवा की रफ्तार भी बढ़ने की संभावना
मौसम विभाग का अनुमान है कि आज (शुक्रवार) का हवा की गति 30 से 40 किलो मीटर प्रति घंटा रह सकती है। इसके बाद अगले तीन दिनों तक यह गति 40 से 50 किलो मीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है।
हल्की बारिश, लेकिन बिजली गिरने की आशंका
हवा के साथ हल्की से बहुत हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन गरज- चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका बनी रहेगी।
मौसम में बदलाव का तापमान पर असर
छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा है। अगले चौबीस घंटो में इसमें किसी बदलाव की संभावना नहीं है, उसके बाद तापमान में तीन से पांच डिग्री तक गिरावट आ सकता है। इससे गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
40 डिग्री पहुंचा राजनांदगांव का तापमान
राजनांदगांव का अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक पहुंच गया है जो प्रदेश में सर्वाधिक है। दुर्ग का 39, रायपुर और बिलासपुर का 38 और जगदलपुर का अधिकतम तापमान 37 डिग्री रहा।
इसी तरह पेंड्रा रोड और अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा।




