कर्मचारी हलचलजॉब करिअरप्रमुख खबरेंभारतमनोरंजनमुख्य पृष्ठराजनीतिराज्यसोशल मीडिया

Winter session विधानसभा में जमकर हंगामा, 2 बार स्‍थगित हुई कार्यवाही: पोस्‍टर और मजदूर से बिगड़ा माहौल

Winter session रायपुर। छत्‍तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र के चौथे दिन बुधवार को प्रश्‍नकाल में सदन में जमकर हंगामा हुआ। इसकी वजह से करीब 10 मिनट तक सदन की कार्यवाही बाधित होती रही। दोनों तरफ से हो रही नारेबाजी को अध्‍यक्ष डॉ. रमन सिंह ने शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन मामला शांत होता न देख उन्‍होंने सदन की कार्यवाही पांच मिनट के लिए स्‍थगित कर दी।

पोस्‍टर लगाकर पहुंचे कांग्रेसी विधायक

प्रश्‍नकाल में हंगामा की शुरुआत कांग्रेस विधायकों के पोस्‍टर लगाकर आने की वजह से हुई। कांग्रेसी विधायक वंदे मातरम लिखा हुआ पोस्‍टर लगाकर पहुंचे थे। कार्यवाही शुरू होते ही भाजपा विधायक अजय चंद्रकार ने इस पर अपत्ति की। उन्‍होंने कहा कि विधानसभा में पोस्‍टर लेकर आने या लहराने की परंपरा नहीं रही है। यह ठीक नहीं है।

मजदूर कहने पर शुरू हुआ हंगामा

इसी दौरान भाजपा विधायक धर्मजीत सिंह ने कांग्रेस विधायकों को मजदूर कह दिया। दरअसल, नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्‍यमंत्री को छोड़कर कांग्रेस के बाकी सभी सदस्‍य पोसटर लगाकर आए थे। इसी पर धर्मजीत सिंह ने कहा कि कांग्रेस विधायकों से कहा कि दोनों खुद नहीं लगाए हैं, आप लोगों को मजदूर समझकर पोस्‍टर लगा दिए हैं। कांग्रेस के सदस्‍यों ने इस पर कड़ी आपत्ति की। इसके बाद हंगामा शुरू हो गया।

आप ऐसा पसंद करते  क्‍या

भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने भूपेश बघेल से कहा कि आप मुख्‍यमंत्री रहे हैं, क्‍या आप सदन में इस तरह से पोस्‍टर लेकर आना पसंद करते। चंद्राकर ने कहा कि यह गलत परंपरा है। प्रश्‍नकाल में ऐसा ठीक नहीं है।

नेता प्रतिपक्ष को बोलने से रोका

इस दौरान नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत अपने स्‍थान पर कुछ बोलने के लिए खड़े हुए तो चंद्राकर ने फिर इस पर आपत्ति की, उन्‍होंने कहा कि प्रश्‍नकाल में भाषण नहीं दिया जा सकता। चंद्राकर के इस बात का कांग्रेस के सदस्‍यों ने विरोध किया। कहा कि हमारे नेता को बोलने दिया जाए। कांग्रेस विधायक सामंती प्रथा नहीं चलेगी और भारत माता की जय के नारे लगाने लगे।

अंध भक्‍त और गांधी परिवार के गुलाम

कांग्रेस विधायकों के नारेबाजी के जवाब में भाजपा के विधायकों ने भी नारेबाजी शुरू कर दी। भाजपा की तरफ से आंध भक्‍त हाय..हाय और गांधी परिवार के गुलाम हाय.. हाय के नारे लगाए जाने लगे।

अध्‍यक्ष ने दी व्‍यवस्‍था

 इस पर अध्‍यक्ष डॉ. रमन सिंह ने व्‍यवस्‍था दी की कि सदन में झंडा, पोस्‍टर लहराना नियमों के विपरित है। उन्‍होंने कांग्रेस विधायकों से आग्रह किया वे पोस्‍टर बाहर निकाल कर आएं। इसके बाद ही कार्यवाही शुरू होगी। अध्‍यक्ष की इस व्‍यवस्‍था के बाद भी कांग्रेस सदस्‍य सदन में ही जमे रहे। अध्‍यक्ष ने फिर कांग्रेस सदस्‍यों ने पोस्‍टर निकाल कर आने का आग्रह किया, लेकिन वे नहीं माने। इस बीच सदन में हंगामा बढ़ाता देख अध्‍यक्ष ने सदन की कार्यावाही 10 मिनट के लिए स्‍थगित कर दी।

दूसरी बार हुई कार्यवाही स्‍थगित

10 मिनट बाद कार्यवाही शुरू हुई तो फिर कांग्रेस के सदस्‍य पोस्‍टर लगाकर सदन में आए थे। इस दौरान पूर्व मुख्‍यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्रीय एजेंसियों की जांच को लेकर बोलना शुरू कर दिया। इस पर चंद्राकर ने आपत्ति की, कहा कि प्रश्‍नकाल में भाषण नहीं हो सकता। उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस के सदस्‍य अध्‍यक्ष की व्‍यवस्‍था नहीं मान रहे हैं, यह विशेषाधिकार का उल्‍लंघन है।

कार्यवाही से हटाई गई बातें

अध्‍यक्ष डॉ. रमन सिंह ने व्‍यवस्‍था दी कि प्रश्‍नकाल में की गई बातें रिकार्ड में नहीं आएगी। उन्‍होंने कांग्रेस सदस्‍यों ने कहा कि मैंने आग्रह किया था कि आप पोस्‍टर निकाल कर आएं, ऐसे में सदन की कार्यवाही नहीं चल पाएगी। उन्‍होंने कहा कि मैं सदन की कार्यवाही फिर से 10 मिनट के लिए स्‍थगित कर रहा हूं, आप पोस्‍टर निकाल कर आएं।

Back to top button