
Dhan MSP 2026-27 रायपुर। मोदी सरकार की कैबिनेट ने खरीफ सीजन 2026-27 के लिए धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में 72 रुपए प्रति क्विंटल की वृद्धि को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के बाद धान (सामान्य) की MSP अब बढ़कर 2,441 रुपए रुपए प्रति क्विंटल हो गई है। हालांकि, देश के अन्य राज्यों के मुकाबले छत्तीसगढ़ के परिप्रेक्ष्य में यह गणित थोड़ा अलग है।
10 साल का सफर: 1410 रुपए से 2441 रुपए तक की छलांग
अगर हम पिछले एक दशक के आंकड़ों पर नजर डालें, तो धान की MSP में उल्लेखनीय बदलाव आया है। साल 2015-16 में धान की कीमत ₹1,410 थी, जो अब 2026-27 में बढ़कर ₹2,441 हो गई है। यानी 10 सालों में केंद्र सरकार ने प्रति क्विंटल पर ₹1,031 की बढ़ोतरी की है।
पिछले 10 वर्षों का तुलनात्मक चार्ट:
| वर्ष | MSP (₹/क्विंटल) | वृद्धि (₹) |
| 2026-27 | 2,441 | 72 |
| 2025-26 | 2,369 | 117 |
| 2024-25 | 2,300 | 117 |
| 2023-24 | 2,183 | 143 |
| 2022-23 | 2,040 | 100 |
| 2021-22 | 1,940 | 72 |
| 2020-21 | 1,868 | 53 |
| 2018-19 | 1,750 | 200 |
| 2015-16 | 1,410 | 50 |
छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए क्या बदलेगा?
छत्तीसगढ़ में वर्तमान में भाजपा सरकार किसानों से ₹3100 प्रति क्विंटल की दर से धान खरीद रही है। राज्य के करीब 25 लाख किसान इसी भाव पर अपना धान बेचते हैं।
- बोनस का गणित: केंद्र सरकार की MSP और राज्य सरकार के ₹3100 के बीच जो अंतर होता है, उसे राज्य सरकार ‘इनपुट सब्सिडी’ या बोनस के रूप में भुगतान करती है।
- सीधा लाभ क्यों नहीं?: चूंकि छत्तीसगढ़ के किसानों को पहले से ही केंद्र की MSP (₹2,441) से कहीं ज्यादा ₹3100 मिल रहे हैं, इसलिए इस ₹72 की ताजा बढ़ोतरी का उनकी जेब पर सीधा असर नहीं पड़ेगा।
- खजाने पर राहत: केंद्र द्वारा MSP बढ़ाने से राज्य सरकार पर ‘बोनस’ या अंतर की राशि का बोझ थोड़ा कम हो जाता है, क्योंकि केंद्र से मिलने वाली राशि बढ़ जाती है।
- सबसे बड़ी वृद्धि: पिछले एक दशक में सबसे बड़ी बढ़ोतरी वर्ष 2018-19 में देखी गई थी, जब मूल्य में सीधे 200 रुपये का इजाफा किया गया था।
बड़े आंकड़े: सवा लाख टन से ज्यादा की खरीदी
बीते दो खरीफ सीजन से छत्तीसगढ़ में रिकॉर्ड धान की खरीदी हो रही है। प्रदेश में सवा लाख टन से ज्यादा धान का उपार्जन समर्थन मूल्य पर किया गया है। यह आंकड़े बताते हैं कि छत्तीसगढ़ की ग्रामीण अर्थव्यवस्था पूरी तरह से धान और उसके सटीक मूल्य पर टिकी हुई है।
यह भी पढ़ें- किसानों की बल्ले-बल्ले! मोदी कैबिनेट का बड़ा फैसला, धान और दालों के दाम में जबरदस्त उछाल; देखें नई रेट लिस्ट







