
AC power consumption in standby mode रायपुर। भीषण गर्मी के इस मौसम में घरों और दफ्तरों में एयर कंडीशनर (AC) लगातार चल रहे हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि जब आप एसी को केवल रिमोट से बंद करते हैं और दीवार पर लगा मुख्य स्विच चालू छोड़ देते हैं, तब भी आपका एसी बिजली सोख रहा होता है?
जी हां, अधिकांश लोग रात में या कमरा छोड़ने से पहले एसी को सिर्फ रिमोट से बंद कर देते हैं और सोचते हैं कि बिजली की बचत हो रही है। लेकिन विज्ञान और तकनीकी भाषा में इसे ‘स्टैंडबाय मोड’ (Standby Mode) या ‘वैम्पायर पावर’ (Vampire Power) कहा जाता है, जो चुपके से आपके बिजली का बिल बढ़ा रहा है। आइए जानते हैं इसके पीछे का पूरा सच और बड़े नुकसान।
स्टैंडबाय मोड में क्यों खर्च होती है बिजली?
जब आप एसी को रिमोट से बंद करते हैं, तो उसका कंप्रेसर और ब्लोअर (पंखा) तो बंद हो जाता है, लेकिन एसी के अंदर के कई हिस्से लगातार काम कर रहे होते हैं:
- सेंसर और डिस्प्ले: एसी का रिमोट रिसीवर (सेंसर) और डिजिटल डिस्प्ले लाइट हमेशा ऑन रहती है ताकि जैसे ही आप रिमोट का बटन दबाएं, वह तुरंत चालू हो सके।
- कंट्रोल बोर्ड (PCB): एसी का मुख्य इलेक्ट्रॉनिक सर्किट बोर्ड (मदरबोर्ड) बिजली की सप्लाई चालू रखता है।
- कंप्रेसर हीटर: कई आधुनिक इन्वर्टर एसी में कंप्रेसर के ऑयल को गर्म रखने के लिए एक छोटा हीटर होता है, जो स्टैंडबाय मोड में भी बिजली लेता रहता है।
महीने भर में कितनी यूनिट होती है बर्बाद?
एक औसत एसी स्टैंडबाय मोड में करीब 5 वॉट से 15 वॉट तक बिजली प्रति घंटा खर्च करता है।
- यदि आपका एसी दिन भर में 15 से 18 घंटे केवल रिमोट से बंद रहता है, तो यह रोज़ाना लगभग 200 से 250 वॉट बिजली बिना वजह बर्बाद करता है।
- महीने भर का हिसाब लगाएं तो यह 5 से 8 यूनिट तक पहुंच जाता है। यानी सिर्फ एक आदत की वजह से आपके बिल में हर महीने फालतू का खर्च जुड़ जाता है।
सिर्फ बिल ही नहीं, पीसीबी (PCB) फुंकने का भी है बड़ा खतरा
केवल रिमोट से एसी बंद रखने का सबसे बड़ा नुकसान बिजली बिल नहीं, बल्कि आपके कीमती एसी का खराब होना है।
- हजारों का फटका: गर्मियों के दिनों में बिजली का उतार-चढ़ाव (Voltage Fluctuation) बहुत ज्यादा होता है। अगर पीछे से अचानक हाई वोल्टेज आ जाए, तो स्टैंडबाय मोड में मौजूद एसी का पीसीबी (PCB) तुरंत फुंक सकता है। इसे बदलने में ₹4,000 से ₹10,000 तक का बड़ा खर्च आता है।
- शॉर्ट-सर्किट का डर: आंधी-तूफान या आसमान से बिजली कड़कने के दौरान अगर मेन स्विच ऑन है, तो बंद एसी में भी शॉर्ट-सर्किट होने या आग लगने का खतरा बना रहता है।
तो क्या है सही तरीका?
- शॉर्ट ब्रेक के लिए: अगर आप महज आधा या एक घंटे के लिए कमरे से बाहर जा रहे हैं, तो केवल रिमोट से बंद करना ठीक है।
- लंबे समय के लिए: यदि आप रात को सोने के बाद सुबह एसी बंद कर रहे हैं, दफ्तर जा रहे हैं, या घर से बाहर निकल रहे हैं, तो रिमोट से बंद करने के बाद दीवार का मुख्य स्विच (या MCB) जरूर बंद करें।
आपकी यह एक छोटी सी आदत हर महीने बिजली की बचत तो करेगी ही, साथ ही आपके महंगे एसी को भी किसी बड़ी तकनीकी खराबी से सुरक्षित रखेगी।







