मुख्य पृष्ठसोशल वायरल

प्रकृति का ख्याल और आपदा प्रबंधन: विशेष कार्यक्रम CSPTCL में कर्मियों ने सीखा संकट के समय तनाव प्रबंधन और संयम के गुर

रायपुर: छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी के मानव संसाधन विभाग द्वारा ‘प्रकृति का ख्याल रखें, आपदा के लिए तैयार रहें’ अभियान के अंतर्गत सेवा भवन में एक विशेष जागरूकता एवं आध्यात्मिक सशक्तिकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बिजली कर्मियों को कठिन और आपातकालीन परिस्थितियों में मानसिक संतुलन बनाए रखने के लिए प्रेरित करना था।

मानसिक संतुलन और पर्यावरण संरक्षण पर जोर

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल रहीं ब्रह्माकुमारी बीके माधुरी दीदी (सदस्य, साइंटिस्ट, इंजीनियर एवं आर्किटेक्ट विंग, सीईए) ने उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण, आपदा पूर्व तैयारी, मानसिक संतुलन और आध्यात्मिक सशक्तिकरण विषय पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया।

Power Transmission Company

दूसरी वक्ता भावना दीदी ने विभिन्न प्रेरक प्रसंगों, कहानियों और मनोवैज्ञानिक गतिविधियों के माध्यम से समझाया कि किसी भी आपदा या संकट के समय घबराहट के बजाय शांत मन, सकारात्मक सोच और संयमित व्यवहार रखना कितना आवश्यक है। यह दृष्टिकोण आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने में मदद करता है।

विद्युत कर्मियों की चुनौतियों पर प्रबंध निदेशक का संदेश

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध निदेशक श्री आर.के. शुक्ला ने कहा कि बिजली क्षेत्र में संकट, आपदा और चुनौतियां हमेशा बनी रहती हैं। बिजली कर्मियों का मुख्य कार्य इन कठिन परिस्थितियों से निपटना और समय पर विद्युत बहाली करना होता है। इन कार्यों के दौरान कर्मचारियों पर मानसिक तनाव का रहना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि आज के इस आयोजन के माध्यम से आपदा की स्थिति में तनाव को नियंत्रित कर कार्य करने के जो गुर सिखाए गए हैं, वे हम सभी के लिए बेहद लाभदायक साबित होंगे।

छह चरणों में संचालित हो रहा है राष्ट्रीय अभियान

वक्ताओं ने जानकारी दी कि ‘प्रकृति का ख्याल रखें, आपदा के लिए तैयार रहें’ अभियान देश भर में छह चरणों में चलाया जा रहा है:

  • प्रथम चरण: पानीपत से जम्मू
  • द्वितीय चरण: माउंट आबू से महाराष्ट्र
  • तृतीय चरण: रायपुर से जबलपुर

इसी कड़ी के तहत रायपुर में यह विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया है।

पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी उपस्थित वक्ताओं, अधिकारियों और कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण तथा प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का सामूहिक संकल्प लिया।

इस अवसर पर ट्रांसमिशन कंपनी की मुख्य अभियंता (मानव संसाधन) श्रीमती रश्मि वर्मा, मुख्य अभियंता श्रीमती शारदा सोनवानी और अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्री भूषण लाल वर्मा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें- CSPDCL के जूनियर इंजीनियर बने सहायक अभियंता, 7 दिन में जॉइन नहीं किया तो होगी कार्रवाई

S. J. Kumar

पत्रकारिता के क्षेत्र में 22 वर्षों से अधिक का गहन अनुभव । सुदीर्घ करियर में राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दी हैं। जटिल मुद्दों के सरल विश्लेषण और खोजी रिपोर्टिंग के साथ राजनीति, प्रशासन और समसामयिक विषयों पर गहरी पकड़ है। पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कारों से भी सम्मानित किया जा चुका है। वर्तमान में Chaturpost.com में सेवाएं दे रहे हैं।
Back to top button