जॉब करिअर

CSPTCL ने बढ़ाई सब स्‍टेशन की  क्षमता: एमडी बोले- पारेषण नेटवर्क को सुदृढ़ बनाने चल रहा है योजनाबद्ध काम

CSPTCL रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी की तरफ से प्रदेश में निरंतर और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पारेषण क्षमता के विस्तार का कार्य निरंतर किया जा रहा है। इसी क्रम में 132/33 केवी उपकेंद्र बागबाहरा में स्थापित 40 एमवीए पावर ट्रांसफार्मर के स्थान पर नए 63 एमवीए पावर ट्रांसफार्मर का सफलतापूर्वक ऊर्जीकरण किया गया। यह इस उपकेंद्र का दूसरा 63 एमवीए पावर ट्रांसफार्मर है। यह कार्य मात्र दो माह में पूर्ण किया गया।

126 एमवीए हो गई क्षमता

उल्लेखनीय है कि पहले उपकेंद्र में 63 एमवीए और 40 एमवीए के ट्रांसफार्मर स्थापित थे, जिनकी कुल क्षमता 103 एमवीए थी। 40 एमवीए ट्रांसफार्मर के स्थान पर 63 एमवीए ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाने के बाद उपकेंद्र की कुल स्थापित क्षमता बढ़कर 126 एमवीए हो गई है।

इस वजह से बढ़ाई गई क्षमता

अफसरों ने बताया कि पिछले साल पीक लोड सीजन के दौरान उपकेंद्र पर लगभग 90 एमवीए तक लोड दर्ज किया गया था, जिसके कारण ओवरलोड की स्थिति उत्पन्न हो रही थी। नए ट्रांसफार्मर के समावेश से अब ओवरलोड की समस्या से राहत मिलेगी और बिजली आपूर्ति अधिक स्थिर व गुणवत्तापूर्ण हो सकेगी।

150 से अधिक गांवों को होगा लाभ

बागबाहरा उपकेंद्र में 132 केवी परसवानी लाइन और 132 केवी झलप लाइन से आपूर्ति प्राप्त होती है।  33 केवी के नौ फीडरों बागबाहरा (महासमुंद), टेमरी, सुनसुनिया, गोयनबहरा, टाउन, तेंदुकोना, मुंगसेर और खलारी के जरिये से 150 से अधिक गांवों में बिजली आपूर्ति की जाती है। इस क्षेत्र में उन्नत कृषि, कृषि आधारित उद्योग व अन्य औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं, जिन्हें इस क्षमता वृद्धि से विशेष लाभ प्राप्त होगा।

सुदृढ़ बनाने चल रहा योजनाबद्ध  काम

कंपनी के प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला ने पावर ट्रांसफार्मर का ऊर्जीकरण कर आपूर्ति प्रारंभ की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और कंपनी के अध्यक्ष सुबोध कुमार सिंह के निर्देशन में प्रदेश के पारेषण नेटवर्क को सुदृढ़ बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। विशेष रूप से आदिवासी, वनांचल व ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत अधोसंरचना को मजबूत करने पर प्राथमिकता दी जा रही है।

ये अफसर रहे अफसर

इस अवसर पर मुख्य अभियंता श्री अब्राहम वर्गीस, अतिरिक्त मुख्य अभियंता आरके तिवारी, अधीक्षण अभियंता वायके मनहर,  पीके गढ़ेवाल, धनेश देवांगन, कार्यपालन अभियंता प्रशांत साहू, विंध्याचल गुप्ता, सहायक अभियंता प्रदीप साहू, लता जगत, नारायण प्रसाद लोधी और दीपक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस उपलब्धि से क्षेत्र के कृषकों एवं उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता की विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित होगी तथा ग्रामीण अंचलों के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।

Back to top button