CG IPS रायपुर। यूपीएएसी के जरिये भारतीय पुलिस सेवा में चयनित 200 अफसरों को कैडर अलाट कर दिया गया है। इन्हें 2024 बैच मिला है। कैडर अलाटमेंट में छत्तीसगढ़ को पांच नए आईपीएस मिले हैं। इनमें दो को होम कैडर मिला है।
आईपीएस आवंटन की जारी सूची के अनुसार छत्तीसगढ़ को जो पांच आईपीएस मिले हैं उनमें अनुषा पिल्ले भी शामिल हैं। अनुषा एसीएस रेणु पिल्ले और डीजी के पद से सेवानिवृत्त हुए आईपीएस संजय पिल्ले की बेटी है। अनुषा के भाई अक्षय 2021 में यूपीएससी में चयन हुआ था। अक्षय ओडिशा कैडर में आईएएस हैं। इसी तरह अपूर्वा अग्रवाल को भी होम कैडर मिला है।
इसके साथ ही यश केंवट, आदित्य कुमार और प्रतीक बंसोड़ दादा साहब को छत्तीसगढ़ कैडर मिला है। केंवट दिल्ली, कुमार उत्तर प्रदेश और प्रतीक महाराष्ट्र के रहने वाले हैं।
छत्तीसगढ़ कैडर में आईपीएस के स्वीकृत पदों की संख्या 142 है। इसमें सीधी भर्ती के 99 और पदोन्नति से भरे जाने वाले 43 पद शामिल है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की रिपोर्ट (2024) के अनुसार इसकी तुलना में राज्य कैडर में 129 आईपीएस हैं। इनमें 96 सीधी भर्ती और 33 पदोन्नति वाले शामिल है।