CG News सोशल मीडिया में वायरल हुई 3 मंत्रियों, 16 संसदीय सचिवों और विधानसभा उपाध्यक्ष की सूची, शपथ ग्रहण की तारीख भी तय…

CG News रायपुर। छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय मंत्रिमंडल का विस्तार होना है। साय कैबिनेट में मंत्री के अभी दो पद खाली हैं, लेकिन यहां भी हरियाणा की तर्ज पर तीन और मंत्रियों को शामिल करने की तैयारी है। यानी इस बार कैबिनेट में मुख्यमंत्री के साथ 13 मंत्री रहेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरा के बाद पार्टी के संगठन महामंत्री और प्रदेश प्रभारी के छत्तीसगढ़ दौरा की वजह से मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा तेज हो गई है।
सोशल मीडिया में वायरल हो रही सूची
कैबिनेट विस्तर की चर्चा के बीच सोशल मीडिया में एक सूची वायरल हो रही है। इसमें कैबिनेट में शामिल किए जाने वाले तीन मंत्रियों के साथ विधानसभा उपाध्यक्ष और 16 संसदीय सचिवों का नाम शामिल है। सोशल मीडिया में सूची वायरल होने के साथ ही बधाई का सिलसिला शुरू हो गया है। सोशल मीडिया में कुछ बधाई संदेशों के वायरल होने के बाद यह मामला पार्टी के संज्ञान में आया, जिसके बाद संदेश हटा दिया गया।
CG News जानिए.. मंत्री पद के लिए चर्चा में हैं कौन से नाम
विष्णुदेव साय कैबिनेट में तीन मंत्रियों को शामिल किए जाने की चर्चा है। हालांकि मंत्री पद के दावेदारों की सूची लंबी है। इनमें कई वरिष्ठ विधायक भी शामिल हैं, लेकिन मंत्री पद के लिए जो नाम चर्चा में हैं उनमें बिलासपुर से अमर अग्रवाल, रायपुर से पुरंदर मिश्रा और दुर्ग से गजेंद्र यादव शामिल हैं।
जानिए.. कब होगा विष्णुदेव साय कैबिनेट का विस्तार
कैबिनेट विस्तार की तारीख को लेकर भी सोशल मीडिया में चर्चा चल रही है। बताया जा रहा है कि 9 तारीख को प्रदेश भाजपा की बड़ी बैठक होने जा रही है। इमसें प्रदेश के संगठन महामंत्री और प्रदेश प्रभारी के साथ मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। इस बैठक में मंत्री के नाम फाइनल होंगे और 10 अप्रैल को शपथ ग्रहण हो सकता है।
CG News विधानसभा उपाध्यक्ष के लिए इस नेता के नाम की चर्चा
विधानसभा उपाध्यक्ष का पद भी खाली है। इस पद के लिए वरिष्ठ विधायक विक्रम उसेंडी का नाम चर्चा में है। उसेंडी रमन सरकार में मंत्री और सांसद रह चुके हैं। बता दें कि पिछली कांग्रेस सरकार में भी विधानसभा उपाध्यक्ष का पद आदिवासी को दिया गया था।
जानिए.. कौन- कौन बनेगा संसदीय सचिव
विष्णुदेव साय सरकार में 16 विधायकों को संसदीय सचिव बनाए जाने की चर्चा है। सोशल मीडिया में वायरल हो रही संसदी सचिवों के नामों में पहली बार की विधायक भावना बोहरा, रायमुनि भगत, गोमती साय और चैतराम अटामी शामिल हैं। विधानसभा चुनाव से पहले जोगी कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए वरिष्ठ विधायक धर्मजीत सिंह का नाम भी इस सूची में शामिल हैं। इसके साथ ही योगेश्वर राजू सिन्हा, मोतीलाल, डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, दीपेश साहू, प्रबोध मिंज, सुशांत शुक्ला, रोहित साहू, रिकेश सेन, नीलकंठ टेकाम, संपत अग्रवाल या राजेश अग्रवाल नाम शामिल है।
राजभवन और सीएम हाउस में होगा शपथ ग्रहण
बता दें कि मंत्रियों का शपथ ग्रहण का कार्यक्रम राजभवन में होगा। मंत्रियों को राज्यपाल शपथ दिलाएंगे। वहीं संसदीय सचिवों का शपथ ग्रहण समारोह मुख्यमंत्री निवास पर होगा। संसदीय सचिवों को मुख्यमंत्री शपथ दिलाएं।