
GST रायपुर। अर्थ व्यवस्था को मजबूती और आम लोगों को महंगाई से राहत देने के लिए केंद्र सरकार से जीएसटी में व्यापक बदलाव किया है। इसका असर 22 सितंबर से नजर आने लगा है।
बिजली की कीमतों पर भी होगा असर
छत्तीसगढ़ की सरकारी बिजली कंपनी की तरफ से आज एक बयान जारी करके बताया गया है कि इस रिफॉर्म का असर बिजली की कीमतों पर भी पड़ेगा। इससे बिजली सस्ती हो सकती है।
GST क्यों होगा बिजली की कीमतों पर असर
पावर कंपनी की तरफ से जारी बयान में बताया गया है कि इस बदलाव में केंद्र सरकार ने कोयले पर कंपनसेशन सेस Compensation Cess on Coal समाप्त कर दिया है। इसका असर कोयले की कीमत पर पड़ेगा।
कोयला की वजह से सस्ती हो सकती है बिजली
बता दें कि कोयला ताप विद्युत उत्पादन के लिए ईंधन का काम करता है। ईंधन की लागत में कमी से उत्पादन लागत में भी कमी संभावित है।
कितनी सस्ती होगी बिजली
पावर कंपनी की तरफ से जारी प्रेस नोट में बताया गया है कि प्रारंभिक आकलन के अनुसार इससे उपभोक्ताओं को प्रति यूनिट बिजली दर में लगभग 11 पैसे की कमी का लाभ मिल सकता है।
400 रुपए प्रति टन लगता था सेस
जीएसटी रिफॉर्म 2.0 में किए गए युक्तियुक्तकरण के अंतर्गत केन्द्र सरकार ने कोयले पर लगने वाले कंपनसेशन सेस 400 रूपये प्रति टन को पूरी तरह समाप्त कर दिया है। वहीं कोयले पर जीएसटी को 5 प्रतिशत से बढाकर 18 प्रतिशत किया गया है ।
GST लागत में कमी का अनुमान
इन दोनों के संयुक्त प्रभाव से छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर जनरेशन कंपनी को औसतन अनुमानित 152.36 रुपए प्रति टन कम लागत पर कोयला प्राप्त होगा जिससे कंपनी की उत्पादन लागत में औसतन 11.54 पैसे प्रति यूनिट कमी संभावित है।
कंपनसेशन सेस विद्युत उत्पादन लागत में एक बड़ा मुद्दा था जिसमें राहत मिलने से उत्पादन लागत में कमी का मार्ग प्रशस्त होगा जो भारत सरकार की मंशा के अनुसार विद्युत उपभोक्ताओं को भी लाभान्वित करेगा।




