कर्मचारी हलचल

फेडरेशन की पहल पर छत्‍तीसगढ़ में अर्जित वेतन के विरुद्ध ऋण योजना शुरू: कमल वर्मा ने सुविधा के विस्‍तार की जताई उम्‍मीद

रायपुर। छत्तीसगढ़ के लाखों शासकीय कर्मचारियों के लिए आज एक बड़ी और सुखद खबर सामने आई है। सरकार ने शासकीय कर्मचारियों के लिए अल्पावधि ऋण’ (Short Term Credit) सुविधा का शुभारंभ कर दिया है। यह व्यवस्था पूरी तरह से डिजिटल होगी और ई-कोष प्रणाली के माध्यम से संचालित की जाएगी।

फेडरेशन की लंबी लड़ाई लाई रंग

छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन इस सुविधा के लिए लंबे समय से सरकार के समक्ष अपनी मांग रख रहा था। फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे कर्मचारियों के हित में एक ‘ऐतिहासिक निर्णय’ बताया है।

कमल वर्मा ने अपने बयान में कहा, “छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन की लंबे समय से की जा रही मांग पर प्रदेश सरकार द्वारा यह योजना प्रारंभ किया जाना अत्यंत सराहनीय है। हम माननीय मुख्यमंत्री एवं प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हैं।” उन्होंने उम्मीद जताई है कि भविष्य में सरकार होम लोन और शिक्षा लोन जैसी अन्य सुविधाएं भी कर्मचारियों के लिए विस्तारित करेगी।

उल्‍लेखनीय है कि इस विषय पर छत्‍तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने इसी साल 23 जनवरी को मुख्‍यमंत्री और मुख्‍य सचिव को पत्र लिखा था।

क्या है यह नई व्यवस्था?

  • आकस्मिक जरूरतों के लिए समाधान: इस योजना के माध्यम से कर्मचारियों को आकस्मिक आर्थिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए बिना ब्याज अग्रिम वेतन तथा कम ब्याज पर ऋण की सुविधा मिलेगी।
  • पूरी तरह डिजिटल प्रक्रिया: यह सुविधा ई-कोष (e-Kosh) के ‘एम्प्लॉयी कॉर्नर’ के माध्यम से संचालित होगी, जिससे कागजी कार्रवाई के झंझट से मुक्ति मिलेगी।
  • सुरक्षित और पारदर्शी: ऋण की शर्तें, ब्याज दर, ईएमआई और अन्य जानकारियां ‘की फैक्ट स्टेटमेंट’ (KFS) के जरिए पहले से स्पष्ट होंगी, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहेगी।
  • त्वरित वितरण: ई-केवाईसी और डिजिटल प्रमाणीकरण के साथ ऋण स्वीकृति और वितरण की प्रक्रिया त्वरित गति से पूरी की जाएगी।

कर्मचारी-हितैषी प्रशासन की दिशा में कदम वित्त विभाग द्वारा जारी एसओपी (SOP) के अनुसार, इस पूरी प्रक्रिया में डेटा सुरक्षा और गोपनीयता का विशेष ध्यान रखा गया है। इस पहल से न केवल कर्मचारियों को विषम परिस्थितियों में अनौपचारिक वित्तीय स्रोतों से राहत मिलेगी, बल्कि उनके आर्थिक सशक्तिकरण को भी बल मिलेगा।

यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ के शासकीय कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर: अब घर बैठे मिलेगा Short Term Credit, प्रक्रिया हुई बेहद आसान

S. J. Kumar

पत्रकारिता के क्षेत्र में 22 वर्षों से अधिक का गहन अनुभव । सुदीर्घ करियर में राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दी हैं। जटिल मुद्दों के सरल विश्लेषण और खोजी रिपोर्टिंग के साथ राजनीति, प्रशासन और समसामयिक विषयों पर गहरी पकड़ है। पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कारों से भी सम्मानित किया जा चुका है। वर्तमान में Chaturpost.com में सेवाएं दे रहे हैं।
Back to top button