भारतमुख्य पृष्ठराज्य

Nitin Nabin  नितिन के भाजपा अध्यक्ष बनने को पूर्व सीएम बघेल ने बताया शुभ संकेत: कहा- वर्षों पहले भी एक…

Nitin Nabin  रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का बड़ा बयान सामने आया है। भूपेश बघेल ने नितिन के अध्यक्ष बनने को शुभ संकेत बताया है। भूपेश बघेल का यह बयान तेजी से वायरल हो रहा है।

इस वजह से बताया शुभ संकेत

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मीडिया से चर्चा के दौरान नितिन नबीन के कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस के लिए शुभ संकेत है। भूपेश बघेल ने आगे कहा कि वर्षों पहले जब नितिन गडकरी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने तो तब केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनी थी।

2009 से 2013 तक थे अध्यक्ष

बता दें कि नितिन गडकरी 2009 से 2013 तक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे। 2009 में लोकसभा का चुनाव हुआ था, तब देश में कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए की सरकार बनी थी। इसी वजह से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने फिर से एक नितिन के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने को कांग्रेस के लिए शुभ संकते बताया।

नितिन नबीन के नेतृत्व में ही लड़ा गया 2023 का चुनाव

बताते चलें कि भाजपा के नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी हैं। 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान भी नितिन नबीन प्रदेश भाजपा की जिम्मेदारी संभाले हुए थे। बताया जाता है कि 2018 में विधानसभा चुनाव के बाद छत्तीसगढ़ में बैकफुट पर चल रही भाजपा को नितिन नबीन ने ही रिचार्ज किया।

नबीन के नेतृत्व में एक के बाद एक जीत

छत्तीसगढ़ में नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा ने न केवल विधानसभा का चुनाव जीता बल्कि लोकसभा के बाद नगरीय निकाय के चुनाव में भी ऐतिहासिक जीत हासिल की। नितिन नबीन अभी बिहार विधानसभा के सदस्य और कैबिनेट मंत्री हैं। उन्‍होंने 2026 में लगातार पांचवीं बार जीत दर्ज की है।

Back to top button