PM Kisan रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को गुवाहाटी (असम) में आयोजित कार्यक्रम के दौरान देश के करीब 9 करोड़ 32 लाख किसानों के खातों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22 वीं किस्त का 18 हजार 650 करोड़ रुपए ट्रांसफर करेंगे। इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम में छत्तीसगढ राज्य के 24 लाख 71 हजार 498 किसानों के खाते में 498 करोड़ 83 लाख रुपए आएगा।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत छत्तीसगढ़ के दो लाख 92 हजार वन पट्टाधारी और 37 हजार 400 विशेष पिछड़ी जनजाति किसानों को भी लाभ मिलेगा। कार्यक्रम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये होगा। इसमें छत्तीसगढ़ के लाखों किसान और जनप्रतिनिधि शामिल होगें। यह कार्यक्रम राजधानी रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद, कृषि महाविद्यालय जोरा रायपुर से जुड़ेंगे।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पीएम किसान उत्सव के तहत विभिन्न ग्राम पंचायतों में किसान बैठकों का आयोजन किया जाएगा और प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी कराया जाएगा, ताकि किसान सीधे इस कार्यक्रम से जुड़ सकें।
बता दें कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत फरवरी 2019 में की गई थी। इस योजना के तहत अब तक छत्तीसगढ़ के किसानों को 11 हजार 283 करोड़ नौ लाख रुपए दी जा चुकी है। इस योजना में राज्य सरकार की तरफ दो लाख 92 हजार वन पट्टाधारी किसानों और 37 हजार 400 विशेष रूप से पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) के किसानों को भी योजना में पंजीयन कर लाभान्वित किया जा रहा है।
अफसरों ने बताया कि विशेष रूप से पिछड़ी जनजाति के किसानों को योजना का लाभ देने के लिए कृषि भूमि की अनिवार्यता को शिथिल किया गया है। योजना में सभी एकल और संयुक्त खाता धारक किसान परिवार, जिनके नाम भू- अभिलेख के रिकार्ड में दर्ज हैं, योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
किसान परिवारों को आर्थिक सहायता देने के उद्देश्य से यह योजना दिसंबर 2018 से लागू की गई थी। यह शत-प्रतिशत केंद्र सरकार की योजना है। योजना में पात्र किसानों को हर साल 6 हजार रुपए की सहायता दी जाती है।
योजना के तहत किसानों को छह हजार रुपए तीन किस्तों में दी जाती है, जो चार- चार महीने के अंतराल पर जारी की जाती है। राशि किसानों के बैंक खातों में जमा होती है।