
Rajya Sabha Elections 2026 रायपुर। छत्तीसगढ़ में 2023 के विधानसभा चुनाव में सत्ता से बाहर हुई कांग्रेस को प्रदेश में लगातार चुनावी झटके लग रहे हैं। विधानसभा के बाद लोकसभा फिर नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव में भी कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। अब राज्य सभा के चुनाव में भी कांग्रेस को झटका लगने वाला है।
अप्रैल में पूरा हो रहा है दो सदस्यों का कार्यकाल
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के कोटे से राज्यसभा के दो सदस्यों का कार्यकाल अप्रैल 2026 में पूरा हो जाएगा। विधानसभा में कांग्रेस विधायकों की संख्या को देखते हुए यह स्पष्ट है कि पार्टी इन दोनों सीटों को बचा नहीं पाएगी। अप्रैल में रिक्त हो रहे इन दोनों सीटों पर सत्ता पक्ष की मर्जी चलेगी। इससे प्रदेश के साथ ही राज्यसभा में भी भाजपा का संख्या बल बढ़ जाएगा। दोनों सीटों के लिए भाजपा से राज्यसभा के दावेदार अभी से सक्रिय भी हो गए हैं।
फूलोदेवी और तुलसी का कार्यकाल होगा खत्म
राज्य के जिन दो राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल अप्रैल में समाप्त हो रहा है उनमें फूलोदवी नेताम और केटीएस तुलसी शामिल हैं। इसके बाद कांग्रेस के दो और सदस्य रह जाएंगे। इसमें राजीव शुक्ला और रंजीता रंजन शामिल हैं। इनमें केवल फूलोदेवी स्थानीय है, बाकी तीनों राज्यसभा सदस्य प्रदेश के बाहर के हैं। इसी वजह से चुनाव के समय यह बड़ा मुद्दा बना था।
राज्यसभा के सदस्यों का समीकरण
राज्यसभा के सदस्यों का चुनाव विधायक करते हैं। ऐसे में राज्यसभा का सदस्य किस पार्टी का होगा, यह विधायकों की संख्या पर निर्भर करता है। राज्य विधानसभा में सदस्यों की संख्या 90 और राज्यसभा सीटों की संख्या पांच हैं। ऐसे में 18 विधायक पर एक राज्यसभा सदस्य का समीकरण बनता है। राज्य विधानसभा में भाजपा के 54, कांग्रेस के 35 और गोगंपा का एक सदस्य है। इस हिसाब से भाजपा के हिस्से में तीन और कांग्रेस के खाते में राज्यसभा की दो सीट आएगी।
अभी कांग्रेस के हिस्से में चार सीट
राज्य की राज्यसभा की पांच में चार सीटों पर इस वक्त कांग्रेस के सदस्य हैं। केवल एक सीट भाजपा के पास है। 2018 के विधानसभा चुनाव से पहले तक भाजपा के तीन और कांग्रेस के दो सदस्य राज्यसभा जाते थे। 2018 के विधानसभा चुनाव के बाद यह समीकरण बदल गया। उस चुनाव में कांग्रेस के 68 और भाजपा के 15 विधायक चुने गए थे। पांच जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ और दो बसपा के विधायक थे। ऐसे में 2018 से 2023 के बीच रिक्त हुई राज्यसभा की चारों सीट कांग्रेस की झोली में चली गई।
छत्तीसगढ़ के राज्यसभा के मौजूदा सदस्य
| राज्यसभा सदस्य | पार्टी | कार्यकाल |
| फूलोदेवी नेताम | कांग्रेस | 09 अप्रैल 2026 |
| केटीएस तुलसी | कांग्रेस | 09 अप्रैल 2026 |
| राजीव शुक्ला | कांग्रेस | 29 जून 2028 |
| रंजीत रंजन | कांग्रेस | 29 जून 2028 |
| देवेंद्र प्रताप सिंह | भाजपा | 02 अप्रैल 2030 |




