Weather रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी कहर बरपा रही है। राजधानी रायपुर और न्यायधानी बिलासपुर का पारा सबसे ऊपर है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार राज्य के अधिकांश स्थानों के तापमान में अभी और बढ़ोतरी हो सकती है। इसके साथ ही 23 से 25 अप्रैल के बीच कई स्थानों पर गर्म हवा यानी लू भी चल सकती है। उधर, बस्तर संभाग में बारिश की गतिविधियां देखी जा रही है।
रायपुर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने मंगलवार को राज्य के उत्तरी हिस्से में लू चलने की चेतावनी जारी की है। उत्तरी छत्तीसगढ़ में यह स्थिति 25 अप्रैल तक बनी रह सकती है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मंगलवार को पूरे राज्य में मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा। इससे दिन के तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार सोमवार को राजधानी रायपुर पूरे प्रदेश में सबसे गर्म रहा। राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। बिलासपुर का अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस रहा। बिलासपुर से लगे पेंड्रा रोड का अधिकतम तापमान समान्य से करीब पांच डिग्री सेल्सियस ऊपर चला गया है। वहां का तापमान 42.7 डिग्री दर्ज किया गया।
राज्य के बड़े हिस्से में गर्मी की मार पड़ रही है, दूसरी तरफ बस्तर संभाग में बारिश के हालात बने हुए हैं। बस्तर संभाग के कुछ एक स्थानों पर सोमवार को हल्की से मध्यम वर्षा हुई। बस्तर के भानपुर में दो और तोकापाल में एक सेमी बारिश दर्ज की गई है। इससे संभाग के गर्मी का असर कम देखा जा रहा है। जगदलपुर का अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम है।
22 अप्रैल- बालोद, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर, सरगुजा और जशपुर
23, 24 व 25 अप्रैल- राजनांदगांव, बालोद, दुर्ग, कबीरधाम, मुंगेली, बिलासपुर, मरवाही, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर, सरगुजा और जशपुर