Weather रायपुर। छत्तीसगढ़ का मौसम फिर करवट लेता नजर आ रहा है। राज्य का मौसम बरसाती हो गया है। उत्तरी छत्तीसगढ़ के जशपुर में गुरुवार को ओला के साथ जमकर बारिश हुई है। आज मौसम विभाग ने राज्य के दक्षिणी हिस्से में भी बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान पूर्वी और दक्षिणी छत्तीसगढ़ में कहीं- कहीं हल्की के मामूली बारिश भी हो सकती है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और द्रोणिका के कारण छत्तीसगढ़ समेत देश के कई हिस्सों में मौसम बदल रहा है। एक द्रोणिका उत्तर बांग्लादेश से तेलंगाना तक गंगा के पश्चिम बंगाल, आंतरिक ओडिशा और दक्षिण छत्तीसगढ़ से होकर गुजर रहा है। इसी तरह पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और उसके आसपास बना हुआ है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटो के दौरान छत्तीसगढ़ के न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद न्यूनतम तापमान में दो से तीन और अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री की कमी आ सकती है। आज और कल दो दिनों तक आंशिक बादल छाए रह सकते हैं।
रायपुर का अधिकतम तापमान 34.6 और न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री रिकार्ड किया गया। बिलासपुर का अधिकतम तामपान 33 और न्यूनतम 21.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
पेंड्रा रोड का तापमान 32.2 और 16.2 डिग्री रिकार्ड किया गया। अंबिकापुर का तापमान 31 और 16.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह जगदलपुर का अधिकतम तापमान 34.4 और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री रहा। दुर्ग का अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।