Breaking NewsChhattisgarh

बड़े साहब के लिए चुनावी फंड एकत्र करने वाला CSPDCL का EE सस्पेंड:  घूसखोरी का वीडियो वायरल होने के बाद हुई कार्रवाई

रायपुर। chaturpost.com

छत्तीसगढ़ की सरकारी बिजली कंपनी (CSPDCL) के जिस रसूखदार कार्यपालन अभियंता (Executive Engineer) का ठेकेदार से सरेआम गड्डियां लेते वीडियो वायरल हुआ था, उन पर गाज गिर गई है। पुख्ता विभागीय सूत्रों के मुताबिक, इंजीनियर मुरली मौर्या को निलंबित (Suspend) कर दिया गया है।

हालांकि, कंपनी प्रबंधन निलंबन के आदेश को अभी बेहद गोपनीय रखा गया है और इसे सार्वजनिक नहीं किया गया है, लेकिन मंत्रालय और पावर कंपनी के उच्च पदस्थ सूत्रों ने सस्पेंशन की पुष्टि कर दी है। वीडियो सामने आने के महज कुछ ही घंटों के भीतर हुई इस कार्रवाई से पूरे महकमे में हड़कंप मच गया है।

चतुरपोस्ट.कॉम का स्पष्टीकरण (Disclaimer): सोशल मीडिया और विभागीय वॉट्सऐप ग्रुपों में तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो की सत्यता और प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से चतुरपोस्ट.कॉम पुष्टि नहीं करता है।

मुख्य अभियंता के नाक के नीचे चल रहा था ‘कमीशन का खेल’

यह पूरा मामला रायपुर के गुढ़ियारी स्थित CSPDCL मुख्य अभियंता प्रोजेक्ट कार्यालय (Chief Engineer Project Office) का बताया जा रहा है। वीडियो में दिख रहे अधिकारी की पहचान मुरली मौर्या के रूप में हुई है, जो यहां कार्यपालन अभियंता के पद पर मलाईदार पोस्टिंग पर थे।

हैरान करने वाली बात यह है कि साहब का केबिन सीधे चीफ इंजीनियर (CE) के कमरे से सटा हुआ है। यानी बड़े साहब के बगल वाले कमरे में ही ठेकेदारों से सीधे ‘लेन-देन’ का खुला खेल चल रहा था।

वायरल वीडियो की Inside Story: केवल साहब नहीं, नीचे से ऊपर तक बंटी रकम!

सोशल मीडिया पर आग की तरह फैले इस वीडियो ने बिजली कंपनी के भीतर चल रहे संगठित भ्रष्टाचार की पोल खोलकर रख दी है:

  • बिल क्लीयरेंस के नाम पर उगाही: बताया जा रहा है कि वीडियो में दिख रहा शख्स बिलासपुर की एक बड़ी कंस्ट्रक्शन कंपनी का ठेकेदार है। कार्यपालन अभियंता मुरली मौर्या उससे नए टेंडर देने और पुराने बकाया बिलों को पास करने के बदले मोटी रकम वसूल रहे थे।
  • कर्मचारियों को भी ‘प्रसाद’: वीडियो में साफ दिख रहा है कि जब ठेकेदार साहब को नोटों के बंडल सौंप देता है, तो उसी केबिन में मौजूद दो प्लेसमेंट कर्मचारी (Placement Staff) भी अपना हिस्सा मांगते हैं। ठेकेदार जेब से पैसे निकालकर उन्हें भी देता है।
  • ऊपर’ तक जाती है हिस्सेदारी: विभाग के ठेकेदारों का आरोप है कि यह वसूली सिर्फ एक केबिन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका एक बड़ा हिस्सा ऑनलाइन और कैश के माध्यम से ‘ऊपर बैठे’ बड़े चेहरों तक पहुंचाया जाता था।

इस पूरे मामले में चतुरपोस्ट ने जब कार्यपालन अभियंता मुरली मौर्या का पक्ष जानने के लिए उनके व्यक्तिगत नंबर पर संपर्क किया, तो उनका मोबाइल लगातार बंद (Switch Off) मिला।

“साहब चुनाव लड़ेंगे, मैं फंड जुटा रहा हूं” – सप्लायरों का बड़ा दावा

मुरली मौर्या के सस्पेंशन के बाद अब विभाग के ठेकेदारों और सप्लायरों ने एक और चौंकाने वाला दावा किया है। उनके मुताबिक, मौर्या अक्सर वसूली करते वक्त ठेकेदारों पर यह कहकर दबाव बनाते थे कि— बड़े साहब चुनाव की तैयारी कर रहे हैं। भाभी मैडम भी कोरबा और आसपास के विधानसभा क्षेत्रों में लगातार एक्टिव हैं, इसलिए फंड का इंतजाम करना पड़ रहा है।”

सूत्रों की मानें तो इसी तथाकथित ‘राजनीतिक वरदहस्त’ के कारण मुरली मौर्या की जड़ें रायपुर कार्यालय में बेहद गहरी हो चुकी थीं।

ट्रांसफर के बाद भी रायपुर से नहीं हुए थे मुक्त, रसूख के आगे बौने थे आदेश!

मुरली मौर्या का विवादों और जांच से पुराना नाता रहा है। वे पहले भी कई गंभीर मामलों में दागी रहे हैं:

  1. टेंडर घोटाला: मेसर्स बजरंग इलेक्ट्रिकल के सबस्टेशन टेंडर में भारी अनियमितता और वित्तीय गड़बड़ी के मामले में जांच कमेटी ने इन्हें सीधे तौर पर दोषी पाया था।
  2. लूप लाइन की जगह मलाईदार पोस्टिंग: इस टेंडर घोटाले के बाद तत्कालीन मुख्य अभियंता राजेंद्र प्रसाद को हटाकर लूप लाइन (डंगनिया) भेज दिया गया था, और मौर्या का तबादला सुदूर पखांजूर कर दिया गया था।
  3. आदेश को ठेंगा: लेकिन अपने ऊंचे रसूख और रसूखदार ‘आकाओं’ की बदौलत मुरली मौर्या पखांजूर जॉइन करने के बजाय रायपुर में ही जमे रहे और उन्हें कार्यमुक्त (Relieve) तक नहीं किया गया।

Also Read रायपुर में ‘हरे नोट’ गिनते कैमरे में कैद हुए CSPDCL के साहब, ‘भाभीजी’ के चुनाव फंड के नाम पर वसूली का सनसनीखेज दावा!

S. J. Kumar

पत्रकारिता के क्षेत्र में 22 वर्षों से अधिक का गहन अनुभव । सुदीर्घ करियर में राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दी हैं। जटिल मुद्दों के सरल विश्लेषण और खोजी रिपोर्टिंग के साथ राजनीति, प्रशासन और समसामयिक विषयों पर गहरी पकड़ है। पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कारों से भी सम्मानित किया जा चुका है। वर्तमान में Chaturpost.com में सेवाएं दे रहे हैं।
Back to top button