
नवा रायपुर अटल नगर: छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए महत्वपूर्ण तबादला और पदस्थापना आदेश जारी किए हैं। जारी आदेशों के तहत राज्य प्रशासनिक सेवा (State Administrative Service) के अधिकारी, संयुक्त संचालक और सहायक अनुभाग अधिकारी स्तर के कर्मचारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

1. अभिषेक दीवान सुशासन एवं अभिसरण विभाग में OSD नियुक्त
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश क्रमांक ESTB-102(1)/447/2026-GAD-4 के अनुसार, बिलासपुर कलेक्टर कार्यालय में पदस्थ राज्य प्रशासनिक सेवा (आर.आर.-16, प्रवर श्रेणी) के अधिकारी श्री अभिषेक दीवान का प्रशासनिक आधार पर स्थानांतरण किया गया है। उन्हें सुशासन एवं अभिसरण विभाग, मंत्रालय (नवा रायपुर) में विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (OSD) के पद पर पदस्थ किया गया है।

2. डिप्टी सीएम अरुण साव की निजी स्थापना में भूपेन्द्र सिंह ध्रुव
जारी आदेश क्रमांक ESTB-102(3)/8/2024-GAD-8 के तहत, जल संसाधन विभाग (मंत्रालय) में सहायक अनुभाग अधिकारी के पद पर कार्यरत श्री भूपेन्द्र सिंह ध्रुव की पदस्थापना उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव (लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं खेल व युवा कल्याण) की निजी स्थापना में की गई है।
राज्य शासन ने अर्हता/पात्रता नियमों को शिथिल करते हुए, इसे विशेष प्रकरण मानकर श्री ध्रुव को अस्थायी रूप से सहायक ग्रेड-3 पद के विरुद्ध आगामी आदेश तक पदस्थ किया है। उन्हें उनके संवर्ग के वेतनमान की पात्रता रहेगी।

3. मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की निजी स्थापना में प्रतीक खरे बने विशेष सहायक
आदेश क्रमांक ESTB-102(1)/7/2024-GAD-8-Part(3) के अनुसार, महिला एवं बाल विकास विभाग में संयुक्त संचालक (वर्तमान पदस्थापना- सचिव, बाल अधिकार संरक्षण आयोग) श्री प्रतीक खरे की सेवाएं उनके पैतृक विभाग से वापस ली गई हैं।
उन्हें मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े (महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण विभाग) की निजी स्थापना में विशेष सहायक के पद पर अस्थायी रूप से पदस्थ किया गया है। उन्हें भी उनके संवर्ग के अनुसार वेतनमान की पात्रता होगी।
(सभी आदेश छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 20 जुलाई 2026 को जारी किए गए हैं।)







