
Economic Survey रायपुर। विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 का राज्य का आर्थिक सर्वेक्षण विधानसभा के पटल पर रखा।
प्रति व्यक्ति आय- 1 लाख 79 हजार 244 रुपए का अनुमान
राज्य में करीब 70 प्रतिशत लोग सीधे कृषि से जुड़े हैं।
सकल घरेलू उत्पाद (जीएसपीडी) यानी विकास दर 11.57 प्रतिशत रहने का अनुमान
राज्य के विकास में कृषि और उससे संबद्ध क्षेत्रों की हिस्सेदारी 20.64 प्रतिशत
विकास में उद्योगों की हिस्सेदारी 46.59 प्रतिशत
सेवा क्षेत्र का योगदान 32.77 प्रतिशत
कृषि
इस क्षेत्र में वर्ष 2011-12 में जहाँ सकल राज्य घरेलू उत्पाद (स्थिर भाव) में कृषि क्षेत्र की हिस्सेदारी 18.10 प्रतिशत थी, वहीं निरंतर किंतु धीमी गति से घटते हुए वर्ष 2025-26 में 17.80 प्रतिशत पर आ गई है। इस क्षेत्र में वर्ष 2021-22 2022-23, 2023-24 2024-25 एवं 2025-26 में वृद्धि (स्थिर भाव पर) क्रमशः 4.51, 8.67, 6.87, 6.28 एवं 7.49 प्रतिशत अनुमानित है। वर्ष 2012-13 से 2025-26 तक औसत वृद्धि 5.87 प्रतिशत दर्ज की गई है।
उद्योग
इस क्षेत्र में खनन, विनिर्माण, विद्युत, जलापूर्ति एवं निर्माण क्षेत्र शामिल हैं। वर्ष 2011-12 में जहाँ सकल घरेलू उत्पाद (स्थिर भाव) में उद्योग क्षेत्र की हिस्सेदारी 47.27 प्रतिशत थी, जो वर्ष 2025-26 में 49.30 प्रतिशत सम्भावित है। वर्ष 2021-22 2022-23, 2023-24 2024-25 एवं 2025-26 में उद्योग क्षेत्र में वृद्धि (स्थिर भाव पर) क्रमशः 5.35, 5.58, 6.06, 5.19 एवं 7.21 प्रतिशत वृद्धि अनुमानित है। वर्ष 2012-13 से 2025-26 तक औसत वृद्धि 6.19 प्रतिशत दर्ज की गई।
सेवा क्षेत्र
छत्तीसगढ़ में सेवा क्षेत्र की हिस्सेदारी सकल राज्य घरेलू उत्पाद में महत्वपूर्ण भूमिका है। इस क्षेत्र के अंतर्गत व्यापार, होटल एवं जलपान गृह, स्थावर संपदा एवं अन्य सेवाओं की सर्वाधिक भागीदारी है। वर्ष 2011-12 में जहाँ सकल राज्य घरेलू उत्पाद (स्थिर भाव) में सेवा क्षेत्र की हिस्सेदारी 34.63 प्रतिशत थी, यह वर्ष 2025-26 में 32.90 होना अनुमानित है। वर्ष 2021-22 2022-23, 2023-24 2024-25 एवं 2025-26 में (स्थिर भाव) क्रमशः 7.57, 6.26, 5.76, 7.43 तथा 9.11 प्रतिशत वृद्धि अनुमानित है। वर्ष 2012-13 से 2025-26 तक औसत वृद्धि 5.45 प्रतिशत परिलक्षित हो रही है।




