
Rawatpura रायपुर। छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर स्थित श्री रावतपुरा सरकार मेडिकल कॉलेज रिश्वतकांड की आंच छत्तीसगढ़ के अफसरों तक भी पहुंच गई है। इस मामले में रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरु सरकारी मेडिकल कॉलेज के सहायक प्राध्यपक डॉ. अतिन कुंडू की भूमिका की जांच शुरू हो गई है। साथ ही रेरा (Real Estate Regulatory Authority Chhattisgarh) के अध्यक्ष संजय शुक्ला भी जांच के दायरे में आ गए हैं। इस मामले में CBI की तरफ से दर्ज FIR में इन दोनों का भी नाम है।
दरअसल, रायपुर मेडिकल कॉलेज के सहायक प्राध्यापक डॉ. अतिन कुंडू श्री रावतपुरा सरकार मेडिकल कॉलेज के निदेशक भी हैं। इसी तरह रेरा के अध्यक्ष और सेवानिवृत्त आईएफएस संजय शुक्ला भी श्री रावतपुरा सरकार मेडिकल कॉलेज के संचालक मंडल में शामिल हैं। इसी वजह से सीबीआई ने इन दोनों को भी आरोपी बनाया है।
Rawatpura स्वास्थ्य मंत्री ने दिए जांच के निर्देश
बताया जा रहा है कि इस मामले में डॉ. अतिन कुंडू की भूमिका की जांच का निर्देश स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायवाल ने दिया है। मंत्री के निर्देश चिकित्सा शिक्षा आयुक्त शिखा राजपूत तिवारी, चिकित्सा शिक्षा संचालक डॉ. यूएस पैकरा और रायपुर मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. विवेक चौधरी से रिपोर्ट मांगी है। माना जा रहा है कि इस मामले में राज्य सरकार की तरफ से डॉ. अतिन कुंडू पर कार्यवाही भी की जा सकती है।
दोषियों पर होगी कार्यवाही
चिकित्सा शिक्षा आयुक्त शिखा राजपूत तिवारी ने कहा कि राज्य सरकार ने पूरे मामले को बेहद गंभीरता से लिया है। सीबीआई के साथ ही राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) जांच कर रही है। मामले में दोषी पाए जाने वाले किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। रायपुर मेडिकल कालेज डीन डॉ. विवेक चौधरी ने बताया कि डॉ. अतिन कुंडू श्री रावतपुरा मेडिकल कॉलेज से जुड़े हैं, इसकी पुष्टि हो चुकी है। सीबीआई की एफआईआर में उनका नाम है। डॉ. चौधरी ने कहा कि उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार आगे कार्यवाही की जा रही है।
Rawatpura जानिए- सीबीआई ने कितने लोगों को बनाया आरोपी
इस मामले में सीबीआई की तरफ से दर्ज एफआईआर में 35 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। इनमें श्री रावतपुरा मेडिकल कॉलेज के अध्यक्ष रविशंकर महाराज (रावतपुरा सरकार), डायरेक्टर अतुल कुमार तिवारी, एकाउंटेंट लक्ष्मीनारायण चंद्राकर, डॉ. अतिन कुंडू और संजय शुक्ला के नाम हैं। साथ ही कॉलेज का निरीक्षण करने पहुंची राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग की टीम में शामिल डॉक्टर और अधिकारी शामिल हैं।
जानिए- क्या है मेडिकल रिश्वत मामला
नवा रायपुर स्थित श्री रावतपुरा सरकार मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण करने पहुंची एनएमसी की टीम को रिश्वत देने से जुड़ा है। 30 जून को एनएमसी की टीम नवा रायपुर पहुंची थी। आरोप है कि कॉलेज के पक्ष में रिपोर्ट देने के लिए कॉलेज प्रबंधन की तरफ से 55 लाख रुपए की रिश्वत दी गई। इसकी भनक सीबीआई को पहले ही लग चुकी थी, ऐसे में सीबीआई ने छापा मार दिया। सीबीआई ने नवा रायपुर के साथ ही मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश कर्नाटक, राजस्थान और दिल्ली में 40 से अधिक स्थानों पर छापा मार कार्यवाही की। इस दौरान छह लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
7 जुलाई को कोर्ट में पेश किए जाएंगे सभी आरोपी
सीबीआई ने इस मामले में कुछ छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एनएमसी की टीम में शामिल डॉ. मंजप्पा सीएन, डॉ. चैत्रा एमएस और डॉ. अशोक शेलके शामिल है। इनके साथ अतुल कुमार तिवारी, सथीशा ए और रविचंद्र के. को भी सीबीआई ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए सभी आरोपी अभी सीबीआई की रिमांड पर हैं। इन्हें 7 जुलाई को कोर्ट में पेश किय जाएगा।



