
Budget Session रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के लिए विधायकों के अब तक 2813 सवाल विधानसभा सचिवालय को मिल चुका है। बजट सत्र 23 फरवरी से शुरू हो रहा है। पहले दिन प्रश्नकाल नहीं होगा। इसके बाद सत्र के दौरान होने वाली हर बैठक का पहला एक घंटा प्रश्नकाल का होगा। प्रश्नकाल में ही इन्ह सवालों पर विभाग की तरफ से मंत्री उत्तर देगें।
सवाल पूछने में भाजपा विधायक आगे
सरकार से सवाल पूछने के मामले में सत्तारुढ़ भाजपा के विधायक कांग्रेस विधायकों से आगे हैं। यानी कांग्रेस विधायकों की तुलना में भाजपा के सदस्यों ने ज्यादा सवाल पूछा है। बता दें कि सदन में भाजपा सदस्यों की तरफ से भी सरकार से तीखे सवाल पूछे जाते हैं।
विधायक दल की बैठक में बनेगी रणनीति
विधानसभा के सत्र को लेकर दोनों पार्टियों के विधायक दल की बैठक होगी। इसमें रणनीति बनाई जाएगी। भाजपा विधायक दल की बैठक 22 फरवरी को प्रस्तावित है। वहीं, कांग्रेस विधायक दल की बैठक 23 फरवरी को चार बजे से कांग्रेस भवन में होगी। भाजपा विधायक दल की बैठक मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में और कांग्रेस की बैठक नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत की अध्यक्षता में होगी।
24 फरवरी को पेश होगा बजट
बजट सत्र के पहले दिन राज्यपाल का अभिभाषण होगा। इसमें राज्यपाल सरकार की उपलब्धियां और आगे की योजनाओं की जानकारी देगें। इसके अगले दिन 24 फरवरी को वित्त मंत्री ओपी चौधरी वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेगें। संभवत: इसी दिन से राज्यपाल के अभिभाषण पर भी चर्चा होगी।
20 मार्च तक चलेगा सत्र, होगी 15 बैठक
विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से शुरू होकर 20 मार्च तक चलेगा। इस दौरान सदन की 15 बैठकें प्रस्तावित है। इस दौरान मार्च के पहले सप्ताह में होली की वजह से सदन की बैठक नहीं होगी। बजट पर विभागवार चर्चा होली के अवकाश के बाद होने की संभावना है।




