
ED Raid रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय लगातार सक्रिय है। ईडी की टीमों ने शुक्रवार को एक साथ छत्तीसगढ़ के तीन शहरों में छापा मारा है। ईडी की टीमें तड़के रायपुर, बिलासपुर और धमतरी समेत कुछ जिलों में पहुंची। ईडी की जांच देर रात तक जारी है।
इन मामलों में छापे की चर्चा
ईडी के सूत्रों के अनुसार छापे की यह कार्रवाई कस्टम मिलिंग घोटाला से जुड़ी है। सूत्रों के अनुसार राज्य में हुए कथित कस्टम मिलिंग घोटाला की रकम को जमीन की खरीद-बिक्री में इस्तेमाल किया गया है। इस मामले में ईडी की तरफ से अभी तक कोई अधिकृत बयान जारी नहीं किया गया है।
बड़े बिल्डरों के यहां पहुंची टीम
सूत्रों के अनुसार कार्रवाई के दौरान रायपुर में रहेजा ग्रुप के संचालक संजय रहेजा के ठिकानों पर ईडी की टीम ने छापा मारा। वहीं, बिलासपुर में सुल्तानिया ग्रुप से जुड़ी मीनाक्षी सेल्स के कई कार्यालयों और परिसरों में भी छापेमारी की गई। बताया जा रहा है कि ये कार्रवाई वित्तीय लेन-देन में अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग की आशंकाओं को लेकर की गई है। सुबह से ही ईडी की टीमें संबंधित ठिकानों में मौजूद दस्तावेजों की गहन जांच कर रही हैं। इस दौरान स्थानीय पुलिस भी सुरक्षा व्यवस्था के लिए मौके पर मौजूद रही।
ED Raid रियल एस्टेट कारोबार में गड़बडिय़ों के सुराग
सूत्रों के अनुसार, ईडी की ताजा कार्रवाई का फोकस रियल एस्टेट Real Estate और कारोबारी लेन-देन में संभावित अनियमितताओं पर है। एजेंसी को संदेह है कि घोटाले से प्राप्त रकम को संपत्तियों में निवेश करके मनी लॉन्ड्रिंग money laundering की गई। छत्तीसगढ़ में बीते कुछ महीनों से ईडी की कई बड़ी कार्रवाइयां हो चुकी हैं जिनमें शराब घोटाला और अन्य वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामले प्रमुख हैं। ताजा छापेमारी इन्हीं जांचों का हिस्सा मानी जा रही है।
बिलासपुर में सुल्तानिया परिवार के घर पर दबिश
बिलासपुर में ईडी की टीम ने शुक्रवार तड़के ही बड़ी कार्रवाई करते हुए मीनाक्षी ट्रेडर्स Meenakshi Traders के संचालक सुल्तानिया परिवार Sultania family के क्रांति नगर स्थित आवासीय और व्यावसायिक परिसरों को घेर लिया। टीम ने घर और दफ्तर में घुसकर बंद कमरों में दस्तावेजों की गहन तलाशी शुरू की। बताया गया है कि मंगला चौक के पास स्थित उनके दूसरे मकान पर फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं हुई है। छापेमारी वित्तीय लेन-देन और कोयला कारोबार से जुड़ी गड़बडिय़ों के सुरागों को ध्यान में रखकर की जा रही है।
ED Raid देर रात तक चलती रही जांच
ईडी ने अब तक इस छापेमारी पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है और न ही सुल्तानिया परिवार या मीनाक्षी ट्रेडर्स की ओर से कोई प्रतिक्रिया आई है। टीम वर्तमान में दस्तावेजों की जांच और पूछताछ की प्रक्रिया में जुटी है। किस खास मामले से जुड़े सबूत बरामद हुए हैं, इस पर फिलहाल कोई पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, ताजा कार्रवाई से स्पष्ट है कि ईडी छत्तीसगढ़ में आर्थिक अपराधों और मनी लॉन्ड्रिंग के मामलों पर लगातार शिकंजा कस रही है।




