Weather रायपुर। छत्तीसगढ़ में जनवरी के अंत में ही मौसम का मूड बदलता नजर आ रहा है। प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम नरम- गरम बना हुआ है। रात से सुबह तक हल्की ठंड के बाद दिन में तेज धूप निकल रही है। प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में दोपहर में गर्मी का अहसास होने लगा है।
Weather मौसम विभाग का अनुमान है कि अब धीरे-धीरे तापमान में वृद्धि होगी। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार अगले तीन-चार दिनों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। प्रदेश में दिन का सर्वाधिक तापमान दुर्ग में 33.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। वहीं बलरामपुर का न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री दर्ज किया गया जो प्रदेश में सबसे कम है।
प्रदेश के वनांचल क्षेत्रों विशेष रुप से सरगुजा संभाग और पेंड्रा क्षेत्र के साथ बस्तर संभाग में कहीं- कहीं रात में अच्छी ठंड पड़ रही है। सरगुजा संभाग में न्यूनतम तापमान अब भी 10 डिग्री से नीचे चल रहा है। अंबिकापुर में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार सरगुजा संभाग के कई स्थानों पर शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 5 डिग्री नीचे चला गया है। वहां का रात का तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 26.1 रिकार्ड किया गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है।
जगदलपुर का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से थोड़ा कम है। वहां का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री रहा जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक है।
रायपुर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक है। यहां का न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री ज्यादा 16.2 रिकार्ड किया गया। माना का अधिकतम तापमान 30.9 और न्यूनतम तापमान 14.3 रिकार्ड किया गया।
बिलासपुर का अधिकतम तापमान 29.8 और न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री रिकार्ड किया गया। बिलासपुर का न्यूनतम तापमान लगभग सामान्य है, लेकिन अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक है।