
Amit Shah रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो दिन के दौरे पर छत्तीसगढ़ आ सकते हैं। शाह के दौरे की तैयारी शुरू हो गई है। शाह रायपुर में रुकने के बाद बस्तर आएंगे।
12 और 13 को हो सकता है दौरा
सूत्रों के अनुसार केंद्रीय गृह मंत्री शाह का छत्तीसगढ़ दौरा 12 और 13 दिसंबर को प्रसतावित है। शाह 12 की शाम को रायपुर आएंगे और रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन बस्तर जाएंगे।
बस्तर ओलंपिक का समापन
बस्तर ओलंपिक 2025 के समापन कार्यक्रम में शाह शामिल हो सकते हैं। बस्तर ओलंपिक का समापन 13 दिसंबर को है। शाह बस्तर ओलंपिक 2024 के समापन कार्यक्रम में भी शामिल हुए थे।
नक्सली विरोधी अभियान की करेंगे समीक्षा
छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री शाह राज्य में चल रहे नक्स्ल विरोधी अभियान और प्रभावित क्षेत्रों के विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। बता दें कि शाह ने देश से नक्सलवाद के खात्मे के लिए 31 मार्च 2026 की तारीख तय की है।
नक्सल मोर्चे पर लगातार सफलता
शाह ने करीब एक साल पहले नक्सलवाद के खात्मे की डेडलाइन तय की थी, इसके बाद से नक्स्लियों के खिलाफ बेहद आक्रामक अभियान चलाया जा रहा है। नक्सलियों के कई बड़े नेता या तो मारे गए हैं, या सरेंडर कर दिया है। अभी एक दिन पहले ही नक्सलियों के सेंट्रल कमेटी के एक नेता ने अपने 11 साथियों के साथ राजनांदगांव में हथियार डाला है।
शाह लगातार कर रहे हैं बस्तर का दौरा
प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद से बीते दो सालों में केंद्रीय गृह मंत्री शाह कई बार बस्तर का दौरा कर चुके हैं। इसी साल वे बस्तर दशहरा और उस दौरान होने वाले मुरिया दरबार में शामिल हुए थे।
नवंबर के अंत में आए थे शाह
इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री शाह 27 नवंबर को छत्तीसगढ़ आए थे। शाह 27 से 30 नवंबर तक नवा रायपुर में आयोजित डीजीपी-आईजी कांफ्रेंस में शामिल हुए थे। इस कांफ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी 29 और 30 नवंबर को शामिल हुए थे।




