
Weather रायपुर। छत्तीसगढ़ के मौसम में फिर बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने राज्य के 10 जिलों में बारिश की संभावना के साथ चेतावनी जारी की है। इसकी वजह से फिर न्यूनतम तापमान में कमी आ सकती है। इससे रात में ठंड की वापसी हो सकती है।
इस वजह से बन रही बारिश की संभावना
विज्ञानियों के अनुसार पछुआ हवाओं के कारण एक द्रोणिका बनी हुई है। इसका असर छत्तीसगढ़ पर भी पड़ेगा। इसके साथ ही एक नया पश्चिमी विक्षोप 30 जनवरी को बन सकता है।
मौसम विभाग का अनुमान
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चौबीस घंटो में गरज के साथ राज्य के एक- दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
तापमान पर असर
अभी दो दिनों तक तापमान में कोई विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं दिख रही है, लेकिन उसके पास न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री तक की कमी आ सकती है।
इन 10 जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग की तरफ से राज्य के जिन 10 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है उनमें खैरागढ़, कबीरधाम, मुंगेली, मरवाही, कोरबा, बलरामपुर, कोरिया, सूरजपुर, सरगुजा और मनेंद्रगढ़ शामिल है।
मौसम में बदलाव का यह होगा असर
राज्य के जिन हिस्सों में केवल बादल छाएंगे, वहां तापमान में थोड़ी वृद्धि हो सकती है, लेकिन जहां हल्की बारिश होगी वहां तापमान में कमी आ सकती है। विशेष रुप से बारिश के बाद बदलों के छंटते ही तापमान में ज्यादा गिरावाट दर्ज किया जा सकता है।
अभी ठंड की स्थिति
जनवरी के अंतिम सप्ताह में छत्तीसगढ़ के ज्यादातर स्थानों पर दिन में ठंड लगभग खत्म हो गई है। अधिकांश स्थानों का अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर चला गया है, लेकिन रात में ठंड अब भी पड़ रही है। पहाड़ी और ग्रामीण क्षेत्रों में रातें अभी भी सर्द हैं।
दिन का तापमान 30 डिग्री से ऊपर
बिलासपुर, पेंड्रा और अंबिकापुर को छोड़ कर राज्य के शेष स्थानों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चल रहा है। इन तीनों शहरों का भी तापमान 27 से 29 डिग्री के बीच है।
न्यूनतम तापमान की स्थिति
राज्य में सबसे कम न्यूनम तापमान अंबिकापुर का 10.1 रिकार्ड किया गया। दुर्ग का 11.2, राजनांदगांव का 12 और पेंड्रा रोड का 12.8 डिग्री सेल्सियस रहा।




