मनोरंजनमुख्य पृष्ठ

छत्तीसगढ़ में खजाना! 3 महीनों में मिलीं 11 हजार से ज्यादा दुर्लभ पांडुलिपियां, महासमुंद बना नंबर-1, जाने बाकी जिलों की स्थिति

Gyan Bharat Mission Chhattisgarh रायपुर। छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक और बौद्धिक विरासत के लिए एक नया सवेरा हुआ है। भारत सरकार और राज्य संस्कृति विभाग द्वारा संचालित ‘ज्ञान भारतम्’ महाअभियान के अंतर्गत राज्य में छिपी सदियों पुरानी ज्ञान परंपरा को नई पहचान मिली है। 15 मार्च से 15 जून 2026 तक चले तीन महीने के सघन सर्वेक्षण में कुल 11,808 दुर्लभ पांडुलिपियों का सफल दस्तावेजीकरण किया गया है।

महासमुंद ने मारी बाजी, बस्तर-रायपुर में भी खजाना

इस राज्यव्यापी अभियान में प्रदेश के विभिन्न अंचलों से साहित्य और ज्ञान का विशाल खजाना सामने आया है। आंकड़ों पर नजर डालें तो महासमुंद जिला 3,498 पांडुलिपियों के साथ पूरे छत्तीसगढ़ में पहले स्थान पर रहा है। वहीं, रायपुर (1,770) दूसरे, बस्तर (1,610) तीसरे और रायगढ़ (1,553) चौथे स्थान पर रहे हैं। इसके अलावा कोरबा, सारंगढ़-बिलाईगढ़, राजनांदगांव, मुंगेली और कोरिया जिलों में भी बड़ी संख्या में प्राचीन दस्तावेजों का पंजीयन हुआ है।

क्या कहती हैं ये पांडुलिपियां?

राज्य नोडल अधिकारी प्रभात सिंह के अनुसार, ये पांडुलिपियां केवल कागज के टुकड़े नहीं, बल्कि धर्म, आध्यात्म, आयुर्वेद, ज्योतिष, दर्शन और स्थापत्य कला का जीवंत कोश हैं। ताड़पत्रों पर मुख्य रूप से उड़िया भाषा और लिपि का प्रभाव है, जबकि कागज पर ब्रज और अवधी भाषा का प्रयोग मिलता है। यह छत्तीसगढ़ के गौरवशाली ऐतिहासिक संबंधों को प्रमाणित करता है।

मूल मालिकों के पास ही रहेगी विरासत

इतिहासकार डॉ. रमेंद्रनाथ मिश्र ने इसे ‘भारतीय ज्ञान परंपरा का पुनर्जागरण’ बताया है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि शासन ने केवल इनका दस्तावेजीकरण और डिजिटलीकरण किया है, ताकि भावी पीढ़ी शोध कर सके। ये पांडुलिपियां मूल रूप से उन्हीं संस्थाओं या व्यक्तियों के पास सुरक्षित रहेंगी, जिन्होंने इन्हें वर्षों से संजोकर रखा है।

यह भी पए़ें- पूर्व मुख्य अभियंता के CG-MP में 8 ठिकानों पर रेड, EOW ने किया गिरफ्तार, अब रिमांड पर

S. J. Kumar

पत्रकारिता के क्षेत्र में 22 वर्षों से अधिक का गहन अनुभव । सुदीर्घ करियर में राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दी हैं। जटिल मुद्दों के सरल विश्लेषण और खोजी रिपोर्टिंग के साथ राजनीति, प्रशासन और समसामयिक विषयों पर गहरी पकड़ है। पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कारों से भी सम्मानित किया जा चुका है। वर्तमान में Chaturpost.com में सेवाएं दे रहे हैं।
Back to top button