
Operation Mahadev रायपुर। जम्मू- कश्मीर के पहलगाम निर्दोष लोगों पर गोलियां बरसाने वाले तीन आतंकवादियों को सुरक्षाबलों ने ढेर कर दिया है। सुरक्षाबलों को मिली इस बड़ी सफलता पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसके लिए सेना, अर्द्ध सैनिक बल और राज्य पुलिस के जवानों को बधाई दी है।
सीएम ने किया सुरक्षाबलों के र्शोर्य को नमन
विष्णुदेव ने इस संबंध में एक्स पर एक पोस्ट किया है। उन्होंने लिखा है कि ऑपरेशन महादेव में भारतीय सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पहलगाम आतंकी हमले में शामिल तीन आतंकवादियों को मार गिराया है। सेना के पराक्रम से पहलगाम आतंकी हमले के 3 गुनहगार सजा पा चुके हैं। मैं हमारे सुरक्षाबलों के शौर्य को नमन करता हूं।
Operation Mahadev पीएम और एचएम के संकल्प का परिणाम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव ने कहा है कि ऑपरेशन महादेव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के संकल्प का सशक्त परिणाम है और यह आतंक के विरुद्ध भारत की निर्णायक प्रतिक्रिया है ।
यह केवल कार्रवाई नहीं बड़ा संदेश
विष्णुदेव ने कहा कि सेना का यह ऑपरेशन मात्र एक कार्रवाई नहीं यह संदेश है उन सभी दुश्मनों को, जो भारत की भूमि पर आतंकी मंसूबे लेकर आते हैं। भारतीय सेना के वीर जवानों को पुनः नमन, जिन्होंने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। आपका पराक्रम हर देशवासी के हृदय में विश्वास और गर्व की भावना भर देता है।
मारे गए थे 26 निर्दोष लोग
बता दें कि पहलगाम में अतांकवादियों ने पर्यटकों उनके परिवार वालों के सामने गोली मार दी थी। इसमें 26 पर्यटकों की मौत हुई थी। इनमें एक नेपाली व 25 भारतीय पर्यटक शामिल थे। पर्यटकों को गोली मारने से पहले आतंकवादियों ने उनका धर्म पूछ-पूछ कर मारा था।
जानिए- क्या है ऑपरेशन महादेव
पहलगाम में निर्दोष पर्यटकों की हत्या करने वाले आतंकवादियों की तलाश में सेना, सीआरपीएफ और जम्मू पुलिस ने संयुक्त अभियान चला रखा था, जिसे ऑपरेशन महादेव नाम दिया गया था।
केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने सदन में दी जानकारी
पहलगाम आतंकी हमले में शामिल तीनों आतंकवादियों के मारे जाने की सूचना संसद के मानसून सत्र के दौरान आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सदन में दी। लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर चल रही चर्चा में शामिल केंद्रीय गृह मंत्री ने सदन को बताया कि हमले में शामिल तीन आतंकवादियों को सुरक्षाबलों ने मार गिराया है।
Operation Mahadev संसद में चल रही चर्चा
पहलगाम अतांकी हमले के बाद भारत सरकार की तरफ से चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर को लेकर संसद में चर्चा चल रही है। ससंद में यह चर्चा सोमवार को शुरू हुई जो आज मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रही। आज सदन में सरकार की तरफ से गृह मंत्री अमित शाह और कांग्रेस की तरफ से प्रियंका वाड्रा प्रमुख वक्ता रहे।
प्रधानमंत्री देंगे चर्चा का उत्तर
संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी आज सदन में इस विषय पर भाषण दिया। ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के दौरान सदन में दोनों तरफ से जमकर हमले हुए। सदन में चर्चा का उत्तर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देंगे।




