राज्य

Crime News राजधानी में बड़ी वारदात: गन प्‍वाइंट पर सराफा कारोबारी के फ्लैट से 86 किलो चांदी की लूट

Crime News  रायपुर। छत्‍तीसगढ़ की राजधानी में शनिवार तड़के हुई करोड़ों की लूट हो गई। आगरा निवासी सराफा कारोबारी राहुल गोयल के सदर बाजार स्थित किराए के फ्लैट में घुसे दो नकाबपोश बदमाशों ने गन प्वाइंट पर वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने कारोबारी को दवा सुंघाकर बेहोश किया, हाथ-पैर बांधे और फिर घर में रखी तिजोरी से करीब 86 किलो चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। जाते-जाते आरोपी सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी उखाड़ ले गए, जिससे पुलिस को जांच और कठिन हो गई है।

सुबह 4 बजे दिया वारदात को अंजाम

सिटी कोतवाली थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना शनिवार सुबह करीब 4 बजे राजधानी पैलेस अपार्टमेंट में यह लूट हुई। कारोबारी राहुल गोयल चांदी का कारोबार करते हैं। दरवाजे पर दस्तक सुनकर जैसे ही उन्होंने गेट खोला, दो नकाबपोश अंदर घुसे और कनपटी पर गन टिकाकर उन्हें दबोच लिया।

Crime News बेहोश कर ले गए 1.5 करोड़ की चांदी

बदमाशों ने फ्लैट में अकेले रहने वाले कारोबारी को बेहोश करने के लिए दवा सुंघाई और हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद तिजोरी में रखे 86 किलो चांदी के जेवरात रस्सी के सहारे नीचे उतारकर ले गए। इस चांदी की अनुमानित कीमत लगभग 1.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। कारोबारी को सुबह करीब 11 बजे होश आया, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

पहले से थी पूरी प्लानिंग

पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने पहले से कारोबारी और उनके कारोबार की जानकारी जुटा रखी थी। आरोपियों ने लंबी रेकी के बाद पूरी साजिश रचकर वारदात को अंजाम दिया। सीसीटीवी का डीवीआर चोरी कर ले जाना भी इस बात की पुष्टि करता है कि आरोपी प्रोफेशनल गैंग हो सकते हैं।

Crime News  सराफा बाजार में दहशत

घटना की खबर फैलते ही सराफा बाजार में दहशत का माहौल है। व्यापारी वर्ग ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। सर्राफा एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष हरख मालू ने कहा कि राजधानी में बदमाशों के हौसले बुलंद हो गए हैं। व्यापारी वर्ग असुरक्षित महसूस कर रहा है और पुलिस से तुरंत सख्त कदम उठाने की मांग कर रहा है।

कारोबारी राहुल गोयल आगरा से चांदी मंगवाकर स्थानीय व्यापारियों को बेचते थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

– लखन पटले, एएसपी, सिटी

Back to top button