
Baleshwar Sahu रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को एक और झटका लगा है। पार्टी के एक और विधायक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि कांग्रेस का एक विधायक पहले से ही जेल में है।
जैजैपुर विधायक गिरफ्तार
पुलिस ने शुक्रवार को कांग्रेस के जिस विधायक को गिरफ्तार किया है, उनका नाम बालेश्वर साहू है। बालेश्वर साहू जांजगीर-चांपा के जैजैपुर सीट से 2023 में विधानसभा का चुनाव जीते हैं।
जानिए- कांग्रेस विधायक पर क्या है आरोप
पुलिस अफसरों के अनुसार कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू पर धोखाधड़ी और गबन के मामले दर्ज हैं। शुक्रवार को जिला सत्र न्यायालय में पुलिस ने बालेश्वर साहू के खिलाफ चालान पेश किया। पुलिस दो संदूकों में भरकर चालान लेकर कोर्ट पहुंची थी।
22 तक रिमांड पर रहेंगे बालेश्वर साहू
पुलिस ने शुक्रवार को विधायक बालेश्वर साहू के खिलाफ चालान पेश किया। इसके बाद कोर्ट के आदेश पर बालेश्वर साहू को गिरफ्तार किया गया। कोर्ट ने उन्हें 22 जनवरी तक के लिए रिमांड पर जेल भेज दिया है।
किसान के साथ धोखाधड़ी का आरोप
विधायक बालेश्वर साहू पर किसान के साथ धोखाधड़ी का आरोप है। मामला 2015 से 2020 के बीच का है। तब बालेश्वर साहू सहकारी बैंक बम्हनीडीह में मैनेजर थे। तब उन्होंने किसान राजकुमार शर्मा से 42.78 लाख रुपए की ठगी का है। इस मामले में राजकुमार की शिकायत पर 03 अक्टूबर 2025 को एफआईआर दर्ज किया था।
विधायक बालेश्वर साहू पर लगे आरोप के संबंध में विस्तार से जानने के लिए यहां क्लिक करें
गिरफ्तार होने वाले कांग्रेस के दूसरे विधायक
बालेश्वर साहू गिरफ्तार होने वाले कांग्रेस के दूसरे विधायक हैं। बालेश्वर साहू से पहले कवासी लखमा भी गिरफ्तार हो चुके हैं। लखमा कोंटा सीट से विधायक हैं। कवासी लखमा को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गिरफ्तार किया है। कवासी लखमा पर कांग्रेस सरकार में हुए कथित शराब घोटाला में शामिल होने का आरोप है। बता दें कि यह कथित घोटाला कवासी लखमा के आबकारी मंत्री रहने के दौरान हुआ था।




