राज्य

CG Weather सरगुजा और पेंड्रा से राजधानी तक पहुंची शीतलहर: मैनपाट में जमने लगी ओस

CG Weather रायपुर। छत्‍तीसगढ़ का बड़ा हिस्‍सा शीतलहर की चपेट में है। सर्द हवाएं सरगुजा और पेंड्रा रोड से होती हुई राजधानी रायपुर तक पहुंच गई है। रायपुर का न्‍यूनतम तापमान भी सामान्‍य से करीब चार डिग्री से नीचे चला गया है। राज्‍य में अगले चार पांच दिनों तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है।

छत्‍तीसगढ़ के 13 जिलों में शीतलहर की चेतावनी

मौसम विभाग ने छत्‍तीसगढ़ के 13 जिलों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। राज्‍य के जिन जिलों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है उनमें राजनांदगांव, डोंगरगढ़, कबीरधाम, मुंगेली, कोरबा, पेंड्रा, मनेंद्रगढ़, कोरिया, सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर और जशपुर शामिल है।

अगले चौबीस घंटो में कैसा रहेगा मौसम

छत्‍तीसगढ़ में फिलहाल ठंड का असर बना रहेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चौबीस घंटो के दौरान राज्‍य का मौसम शुष्‍क बना रह सकता है। इस दौरान कुछ- एक स्‍थानों पर शीतलहर चलने की भी संभावना है।

मैनपाट में जमने लगी ओस

छत्‍तीसगढ़ का सबसे सर्द स्‍थानों में शामिल मैनपाट में ओस जमने लगी है। वहां रात का तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने लगा है। दिन में भी सर्द हवा चल रही है।

अंबिकापुर और पेंड्रा में 6-6 डिग्री तापमान

राज्‍य के पूरे सरगुजा संभाग में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। रात में गिर रहे पारा का असर दिन के मौसम पर भी पड़ रहा है। दोपहर का कुछ समय  छोड़ दें तो पूरे समय ठंड का अहसास हो रहा है। अंबिकापुर का न्‍यूनतम तापमान 6 डिग्री तक पहुंच गया है। यही स्थिति बिलासपुर संभाग के पेंड्रा का भी है।

रायपुर का तापमान भी सामान्‍य से नीचे

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार राजधानी रायपुर का दिन और रात दोनों ही तापमान सामान्‍य से नीचे चला गया है। राजधानी का अधिकतम तापामन 29.4 रिकार्ड किया गया जो सामान्‍य से 1.4 डिग्री तक है। वहीं न्‍यूनतम तापमान 14.2 रहा जो सामान्‍य से 4.4 डिग्री कम है।

छत्‍तीसगढ़ के प्रमुख स्‍थानों का तापामन

बिलासपुर का अधिकतम तापमान 28.2 और न्‍यूनतम 12.6 डिग्री रहा। पेंड्रा रोड का अधिकतम तापमान 26.8 और न्‍यूनतम तापमान 9 डिग्री दर्ज किया गया। अंबिकापुर का दिन का तापामन 26.2 और रात का 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

Back to top button