
Coal scam रायपुर। कोयला और डीएमएफ घोटाला के आरोप में लंबे समय तक जेल में रहे हाई प्रोफाइल आरोपी सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत के बाद करीब महीनेभर पहले बाहर निकले चुके हैं। जेल से बाहर आने के साथ ही सभी आरोपी छत्तीसगढ़ छोड़ चुके हैं। जमानत की शर्तें के अनुसार वे छत्तीसगढ़ के किसी भी शहर में नहीं रह सकते हैं, ऐसे में ये आरोपी इस वक्त कहां रहे हैं यह चर्चा का विषय बना हुआ है। ये हाई प्रोफाइल आरोपी इस वक्त देश में कहां रहे हैं, यह जानने से पहले यह जान लें कि इनकी गिरफ्तारी कब हुई थी और कब जमानत मिली।
जानिए- सौम्या और रानू साहू की कब हुई थी गिरफ्तारी
छत्तीसगढ़ में पूर्ववर्ती कांग्रेस शासन के दौरान सबसे ताकतवर नौकरशाह मानी जाने वाली सौम्या चौरसिया को ईडी ने दिसंबर 2022 में गिरफ्तार किया था। तब सौम्या मुख्यमंत्री सचिवालय में उप सचिव थीं। आईएएस रानू साहू की गिरफ्तारी इसके करीब सात महीने बाद जुलाई 2023 में हुई थी। इसी मामले में जेल में बंद रहे दूसरे आईएएस समीर विश्नोई की गिरफ्तारी अक्टूबर 2022 में हुई थी।
सौम्या, रानू और समीर जेल से रिहा
सौम्या चौरसिया, रानू साहू और समीर विश्नोई के साथ पूरे कांड का मास्टर माइंड माने जाने वाले सूर्यकांत तिवारी सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद 31 मई 2025 को जेल से बाहर आए हैं। इन चारों के साथ मामले सूर्यकांत तिवारी के भाई व एक अन्य आरोपी को भी इसी दिन जमानत पर जेल से बाहर किया गया है।
Coal scam जमानत मिलते ही क्यों छोड़ना पर छत्तीसगढ़
सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत की शर्तें के अनुसार जमानत के बाद कोई भी आरोपी छत्तीसगढ़ में नहीं रह सकता है। उन्हें राज्य के बाहर रहना होगा। कोर्ट ने यह भी आदेश दे रखा है कि जहां भी रहेंगे संबंधित थाने में इसकी सूचना दी जाएगी। रायपुर की विशेष कोर्ट में भी इस बात की जानकारी रहनी चाहिए कि वे कहां रह रहे हैं। कोर्ट ने जमानत पर छूटे सभ आरोपियों को पासपोर्ट भी जमा करने का आदेश दिया है।
Coal scam जानिए- कहां रह रही है सौम्या चौरसिया
सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत के बाद 31 मई को जेल से बाहर आई सौम्या चौरसिया इस समय बेंगलुरु में रह रही है। राज्य प्रशासनिक सेवा की उप सचिव रैंक की अफसर सौम्या ने यह जानकारी रायपुर की विशेष कोर्ट को दी है।
दिल्ली में है आईएएस रानू साहू
आईएएस रानू साहू जमानत पर रिहा होने के बाद से दिल्ली में रह रही है। बताया जा रहा है कि दिल्ली में रानू साहू के भाई रहते हैं। रानू साहू अपने भाई के यहां दिल्ली में रह रही है।
समीर विश्नोई का ठिकाना कानपुर
इसी तरह आईएएस समीर विश्नोई उत्तर प्रदेश के कानपुर में हैं। बताया जा रहा है विश्नोई का परिवार कानपुर में रहता है। इसी वजह से वे कानपुर चले गए हैं। बुधवार को सभी आरोपी विशेष कोर्ट में पेश हुए। सूर्यकांत तिवारी उपस्थित नहीं हुए थे।
छत्तीसगढ़ का कोयला और डीएमएफ घोटाला
छत्तीसगढ़ में कोयला और डीएमएफ घोटाला बेहद चर्चित है। यह मामला कांग्रेस सरकार के दौरान ईडी ने उजागर किया था। आरोप है कि कोयला परिवहन की ऑनलाइन व्यवस्था को बंद करके आफ लाइन कर दिया गया। इसके बाद प्रति टन के हिसाब से लेवी वसूली गई। इस अवैध कमाई का हिस्सा कई लोगों में बंटा। इसी तरह डीएमएफ में भी बड़े स्तर पर घोटाला हुआ। डीएमएफ घोटाला रानू साहू के कोरबा कलेक्टर रहने के दौरान हुआ था।



