राज्य

सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन खड़ा करने का निर्णय

पॉलिटिकल अफेयर कमेटी की बैठक

CG Congress रायपुर। छत्‍तीसगढ़ कांग्रेस ने पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रायपुर में सभा कराने का निर्णय लिया है।  पार्टी की सोमवार को राजीव भवन में हुई पॉलिटिकल अफेयर कमेटी की बैठक के बाद यह जानकारी सामने आई है।

प्रदेश कांग्रेस अध्‍यक्ष दीपक बैज ने बैठक में बताया कि 7 जुलाई को राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष खड़गे की सभा होगी। इमसें राष्‍ट्रीय संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल राव भी शामिल होंगे।

पॉलिटिकल अफेयर कमेटी की पहली बैठक

प्रदेश कांग्रेस मुख्‍यालय में सोमवार को पॉलिटिकल अफेयर कमेटी की बैठक हुई। यह कमेटी की पहली बैठक थी। इसमें प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट भी मौजूद थे। इसमें प्रदेश अध्‍यक्ष बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और पूर्व सीएम भूपेश बघेल के साथ ही प्रदेश कांग्रेस के सभी वरिष्‍ठ नेता शामिल हुए।   

CG Congress एक के बाद एक चार बैठकें

प्रदेश कांग्रेस की सोमवार को राजीव भवन में एक के बाद एक चार बैठकें हुईं। पॉलिटिकल अफेयर कमेटी की बैठक में राज्‍य सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन खड़ा करने का निर्णय लिया गया है। कांग्रेस शराब की अवैध बिक्री, खाद, बीज की कमी, बिगड़ती कानून व्‍यवस्‍था, युक्तियुक्‍तकरण के कारण स्‍कूल बंद होने समेत अन्‍य मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बनी है।

CG Congress  इन मुद्दों पर बनी रणनीति

पार्टी नेताओं ने बताया कि बैक टू बैक हुई चार बैठकों में दूसरी, तीसरी और चौथी मीटिंग में प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्‍यों के साथ जिलाध्‍यक्ष और मोर्चा प्रकोष्‍ठ के अध्‍यक्ष शामिल हुए।

इस बैठक में सुकमा में पार्टी के जिला कार्यालय राजीव भवन को अटैच किए जाने पर चर्चा हुई। बता दें कि ईडी ने पूर्व आबकारी मं‍त्री कवासी लखमा और उनके पुत्र की संपत्तियों के साथ ही सुकमा जिला कांग्रेस कार्यालय के भवन को अटैच कर दिया है।

आम लोगों से जुड़े विषयों पर आंदोलन का फैसला

इस बैठकों में किसानों और आम लोगों से जुड़े विषयों पर निर्णायक आंदोलन करने का फैसला किया गया है। इनमें किसानों को हो रही खाद- बीज की समस्‍या के साथ रेत का अवैध उत्‍खनन, खराब कानून- व्‍यवस्‍था और स्‍कूल बंद किए जाने का मुद्दा प्रमुख है।

Back to top button