राज्य

Godavari Steel सिलतरा में बड़ा हादसा: निर्माणाधीन प्लांट में 6 मजदूरों की मौत, बढ़ सकता है आंकड़ा, CM ने दिए निर्देश…

Godavari Steel रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी  के बड़े औद्योगिक क्षेत्र सिलतरा में शुक्रवार शाम को बड़ा हादसा हो गया। गोदावरी इस्पात में निर्माणाधीन स्टील प्लांट में हैवी मशीनरी और सिल्ली गिरने से 6 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दर्जनों मजदूर अब भी मलबे में दबे होने की आशंका है। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

शाम पांच बजे हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शाम करीब 5 बजे जोरदार धमाके के साथ प्लांट का निर्माणाधीन हिस्सा भरभराकर गिर गया। मजदूरों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और सब मलबे में दब गए।

रेस्क्यू ऑपरेशन युद्धस्तर पर जारी

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी और क्रेन की मदद से मलबा हटाया जा रहा है। अब तक आधा दर्जन घायलों को बाहर निकालकर मेकाहारा, पंडरी जिला अस्पताल और देवेंद्र नगर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से 2 की हालत गंभीर है।

Godavari Steel  चौकी प्रभारी बोले – मौत का आंकड़ा बढ़ सकता है

सिलतरा चौकी प्रभारी राजेंद्र कंवर ने कहा -रेस्क्यू जारी है, मलबे में दबे मजदूरों की संख्या अधिक हो सकती है। अभी 6 मौत की पुष्टि हुई है। मौत का आंकड़ा और बढ़ सकता है। मृतको में आसपास के गांव के साथ कुछ बाहर राज्य से आये हुए कर्मचारी है।

सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल

हादसे ने एक बार फिर फैक्ट्रियों में सुरक्षा मानकों की पोल खोल दी है। मजदूरों के मुताबिक, प्लांट निर्माण के दौरान बेसिक सेफ्टी प्रोटोकॉल तक का पालन नहीं किया गया था। हादसे के बाद सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है। मृत मजदूरों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Godavari Steel  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताया गहरा शोक

सिलतरा स्थित फैक्ट्री में आज हुए दर्दनाक हादसे में 6 श्रमिकों की मृत्यु हो गई तथा कई श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन की टीम राहत और बचाव कार्य में जुट गई है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जिला प्रशासन को घायलों के इलाज की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने इस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह अत्यंत दु:खद और पीड़ादायक घटना है।

उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

Back to top button