
Sushasan Tihar 2026 CG नवा रायपुर अटल नगर। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के शहरी क्षेत्रों में “सुशासन तिहार 2026” के जरिए जन समस्याओं के समाधान के लिए कमर कस ली है । नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा जारी ताजा आदेश (क्र.: GENCOR-35/3510/2026-UAD) ने प्रदेश के सभी नगर निगम आयुक्तों और मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रखा है । विभाग ने स्पष्ट किया है कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के पालन में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी ।
अधिकारियों को चेतावनी दी गई है कि मुख्यमंत्री और सचिव स्तर के अधिकारियों द्वारा कभी भी औचक निरीक्षण (Surprise Inspection) किया जा सकता है, और कार्यों की गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी ।
लंबित फाइलों पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’: 30 अप्रैल तक का डेडलाइन अलर्ट
विभाग ने स्पष्ट किया है कि निकायों के पास लंबित पुराने आवेदनों को प्राथमिकता (Priority) के आधार पर निपटाया जाए । इसके लिए 30 अप्रैल 2026 तक की समय सीमा तय की गई थी । विशेष रूप से इन मुद्दों पर फोकस है:
- जमीन और मकान के मामले: शहरी क्षेत्रों में नामांतरण (Mutation) और सीमांकन के अटके हुए मामलों का निपटारा तुरंत करने को कहा गया है ।
- प्रमाण पत्र की सुविधा: आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र (Resident Certificates) के लिए लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए ।
- बिजली-पानी की समस्या: बंद पड़े हैंडपंपों की मरम्मत, नई पाइपलाइन बिछाने और खराब स्ट्रीट लाइट/ट्रांसफार्मर की शिकायतों का त्वरित समाधान होगा ।
- सरकारी योजनाओं का लाभ: राशन कार्ड, आयुष्मान भारत, वृद्धावस्था पेंशन और उज्ज्वला योजना के पात्र हितग्राहियों (Beneficiaries) को उनका हक दिलाया जाएगा ।
मोहल्लों में लगेंगे शिविर: 01 मई से 10 जून तक चलेगा अभियान
आम जनता को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए 01 मई से 10 जून 2026 तक वार्डों के क्लस्टर (Cluster Based) बनाकर विशेष ‘जन समस्या निवारण शिविर’ आयोजित किए जाएंगे ।
कचरा गाड़ियों से होगा प्रचार, अधिकारियों की समीक्षा बैठक में होगी खिंचाई
सुशासन तिहार (Sushasan Tihar) का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के लिए नगरीय निकायों की कचरा गाड़ियों (Cleanliness Vehicles) का उपयोग किया जाएगा । इन वाहनों के जरिए ऑडियो संदेश और वार्डों में बैनर-पोस्टर लगाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा । जिला मुख्यालयों पर होने वाली समीक्षा बैठकों (Review Meetings) में अधिकारियों को कैंप के डेटा और विभागीय योजनाओं की बिंदुवार (Point-wise Data) जानकारी के साथ उपस्थित रहने को कहा गया है ।







