सोशल मीडिया

Ujjwala LPG उज्ज्वला योजना में गैस कनेशन के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू: छत्तीसगढ़ 2.23 लाख को मिलेगा

Ujjwala LPG रायपुर। छत्तीसगढ़ में 2 लाख 23 हजार नए घरेलू एलपीजी कनेक्शन दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस योजना के तहत नए कनेक्शन दिए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अभार व्यक्त किया है। साय के निर्देशानुसार नए उज्ज्वला गैस कनेक्शन के लिए खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा विस्तृत दिशा निर्देश जारी किए गए हैं।

15 दिनों में दिए जाएंगे नए कनेक्शन

सभी जिलो में जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला उज्ज्वला समिति का गठन किया जाएगा। इस समिति के माध्यम से जिले में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के क्रियान्वयन और प्राप्त आवेदनों की समय-सीमा में निराकरण  के लिए नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी।

Ujjwala LPG  सात दिनों में आवेदन

योजनांतर्गत पात्र परिवारों से नए गैस कनेक्शन के लिए अगले 07 दिनों में आवेदन पत्र प्राप्त किए जाएंगे। जिले की गैस एजेंसियों द्वारा प्राप्त आवेदन पत्रों का परीक्षण एवं सत्यापन कराकर 15 दिनों में नवीन गैस कनेक्शन जारी करने की कार्यवाही की जाएगी।

इन हितग्राहियों को दी जाएगी प्राथमिकता

नियद नेल्ला नार योजना अंतर्गत आने वाले बीजापुर, सुकमा, नारायणपुर, कांकेर, दंतेवाड़ा जिलों में सर्वप्रथम हितग्राहियों को चिन्हांकित कर इन ग्रामों को विशेष प्राथमिकता देते हुए शत-प्रतिशत चिन्हांकित हितग्राहियों को उज्ज्वला गैस योजना के कनेक्शन दिए जाएंगे। पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाये जाने के लिए ऑयल कंपनियों के साथ समन्वय करते हुए सुगम नेटवर्क कनेक्टीविटी वाले क्षेत्रों का चयन कर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। योजनांतर्गत गैस कनेक्शन प्राप्ति के लिए बाकी सभी 34 हजार 425 परिवारों के आवेदन चिन्हांकित ग्रामों में विशेष शिविर आयोजित कर लिए जाएंगे। दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों से प्राप्त आवेदनों के ई-केवाईसी के लिए कनेक्टीविटी वाले क्षेत्रों का चयन कर विशेष शिविर द्वारा उन्हें लाभांवित किया जाएगा।

Ujjwala LPG जिला स्तरीय उज्ज्वला समिति के कलेक्टर होंगे अध्यक्ष

 प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों में से कम से कम 05 प्रतिशत आवेदनों का सत्यापन और परीक्षण जिला उज्ज्वला समिति द्वारा किया जाएगा। इस हेतु जिले के सभी गैस एजेंसियों की बैठक कर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के नवीन गैस कनेक्शन जारी करने के लिए जानकारी प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला स्तरीय उज्ज्वला समिति में अध्यक्ष, जिला कलेक्टर या उनके द्वारा अधिकृत कोई वरिष्ठ अधिकारी होंगे तथा समन्वयक सदस्य के रूप में जिला नोडल अधिकारी होंगे जो तेल विपणन कंपनी से होंगे। दो सदस्य अन्य दो तेल विपणन कंपनियों के अधिकारी होंगे। जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति अधिकारी और दो गैर-आधिकारिक सदस्य भी समिति में सदस्य होंगे।

योजनांतर्गत नए कनेक्शन के लिए मापदंड निर्धारित

पीएमयूवाय के अंतर्गत नवीन गैस कनेक्शन के लिए पात्रता के लिए मापदंड निर्धारित किए गए हैं। जिसके अनुसार यदि परिवार का कोई भी सदस्य 10 हजार रूपए प्रति माह से अधिक कमाता हो, घर का कोई सदस्य सरकारी कर्मचारी हो, सरकार के पास पंजीकृत गैर-कृषि उद्यम वाले परिवारों को शामिल नहीं किया गया है। इसी प्रकार किसान क्रेडिट कार्ड की 50 हजार रूपए से अधिक की क्रेडिट सीमा वाले किसान, सिंचाई उपकरण के साथ 2.5 एकड़ से अधिक सिंचित भूमि के स्वामी, दो या अधिक फसल मौसमों के लिए 5 एकड़ या अधिक सिंचित भूमि के स्वामी, कम से कम 7.5 एकड़ या इससे अधिक भूमि का स्वामी जिनके पास कम से कम एक सिंचाई उपकरण हो, 30 वर्ग मीटर से अधिक कार्पेट क्षेत्र वाले मकान के स्वामी, स्वयं की मोटर चालित तीन या चार पहिया वाहन अथवा मछली पकड़ने वाली नाव अथवा यंत्रीकृत तीन या चार पहिया कृषि उपकरण के मालिक एवं ऐसे परिवार जिनके पास पूर्व से ही एलपीजी कनेक्शन हों योजनांतर्गत लाभ पाने हेतु अपात्र होंगे।

Back to top button