Chhattisgarhमुख्य पृष्ठ

Weather फिर करवट ले रहा है छत्‍तीसगढ़ का मौसम: बारिश की संभावना के साथ यलो अलर्ट जारी

Weather रायपुर। छत्‍तीसगढ़ में अभी दिन में गर्मी का अहसास होने लगा है, लेकिन आधी रात बाद से अल सुबह तक ठंड अपनी उपस्थित बनाए हुए है। इस बीच मौसम विभाग ने फिर राज्‍य के मौसम में बदलाव की संभावना व्‍यक्‍त की है। मौसम विभाग ने छत्‍तीसगढ़ के कुछ हिस्‍सों में बारिश की संभावना के साथ यलो अलर्ट जारी किया है।

जानिए- क्‍यों बदल रहा है मौसम

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। वहीं उत्‍तर भारत में एक सिस्‍टम बना रहा है। इसकी वजह से छत्‍तीसगढ़ समेत देश के कई हिस्‍सों के मौसम में बदलाव की संभावना बन रही है।

कैसा रहेगा छत्‍तीसगढ़ मौसम

छत्‍तीसगढ़ में रविवार को आमतौर पर आसमान साफ रहने और मौसम शुष्‍क रहने की संभावना है। मौसम में बदलाव 23 और 24 फरवरी को नजर आएगा। इस दौरान राज्‍य में कहीं- कहीं हल्‍की से बहुत हल्‍की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी दी है।

यहां बन रही है बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार 23 फरवरी को पूरे बस्‍तर, दुर्ग और रायपुर संभाग के साथ कोरबा और जशपुर में बारिश की संभावना है।

24 फरवरी को बस्‍तर संभाग के तीन जिलों सुकमा, दंतेवाड़ा और बस्‍तर के साथ रायपुर, दुर्ग, गरियाबंद और महासमुंद में बारिश की संभावना दिख रही है।

रायपुर और राजनांदगांव में दिन ज्‍यादा गर्म

राज्‍य में तापमान बढ़ने का क्रम अभी जारी है। रायपुर और राजनांदगांव का अधिकतम तापमान 34 डिग्री तक पहुंच गया है। अंबिकापुर और पेंड्रा का अधितमत तापमान 29 डिग्री के करीब है, जबकि राज्‍य के बाकी स्‍थानों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री या उससे अधिक है।

अंबिकापुर का न्‍यूनतम तापमान 12.7

प्रदेश के सबसे सर्द क्षेत्र में शामिल अंबिकापुर का न्‍यूनतम तापमान भी बढ़कर 12.7 डिग्री तक पहुंच गया है। बताया जा रहा है कि अंबिकापुर में भी अब ठंड गायब होने लगी है। रायपुर का न्‍यूनतम तापमान 20 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नजर नहीं आ रही है।

S. J. Kumar

पत्रकारिता के क्षेत्र में 22 वर्षों से अधिक का गहन अनुभव । सुदीर्घ करियर में राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दी हैं। जटिल मुद्दों के सरल विश्लेषण और खोजी रिपोर्टिंग के साथ राजनीति, प्रशासन और समसामयिक विषयों पर गहरी पकड़ है। पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कारों से भी सम्मानित किया जा चुका है। वर्तमान में Chaturpost.com में सेवाएं दे रहे हैं।
Back to top button