Chhattisgarh

CG Weather छत्‍तीसगढ़ का मौसम: अंबिकापुर में 7 डिग्री, राजधानी के आउटर में तापमान सामान्‍य से 6 डिग्री नीचे

CG Weather रायपुर। छत्‍तीसगढ़ का मौसम पूरी तरह बदल गया है। राज्‍य के कई हिस्‍सों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। राज्‍य के उत्‍तरी हिस्‍से में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। मैदानी क्षेत्रों में भी कहीं- कहीं शीतलहर चल रही है। राजधानी रायपुर के आउटर में कड़ाके की ठंड बनी हुई है।

सामान्‍य से छह डिग्री नीचे आया तापमान

राजधानी रायपुर में देर शाम बाद से सुबह तक अच्‍छी ठंड पड़ रही है। शहरी की तुलना में आउटर में ठंड का असर ज्‍यादा दिख रहा है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार माना का न्‍यूनतम तापमान सामान्‍य से छह डिग्री नीचे चला गया है। माना का न्‍यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

शीतलहर की चपेट में पूरा सरगुजा संभाग

उत्‍तरी छत्‍तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। छत्‍तीसगढ़ का शीमला कहे जाने वाले मैनपाट का न्‍यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस के आसपास चल रहा है। वहीं संभागीय मुख्‍यालय अंबिकापुर शहर का न्‍यूनतम तापमान 7 डिग्री पहुंच गया है, जो सामान्‍य से छह डिग्री कम है।

छत्‍तीसगढ़ के मौसम का पूर्वानुमान

छत्‍तीसगढ़ के मौसम में बदलाव या ठंड में किसी तरह की कमी की संभावना फिलहाल नजर नहीं आ रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिनों में किसी तरह का बदलाव नहीं होगा। इस दौरान उत्‍तरी और मध्‍य छत्‍तीसगढ़ में कहीं- कहीं शीतलहर चलने की संभावना है।

छत्‍तीसगढ़ के प्रमुख स्‍थानों का तापमान

राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 29 और न्‍यूनतम 13.7 डिग्री रिकार्ड किया गया। यहां का न्‍यूनतम तापमान सामान्‍य से चार और अधिकतम तापमान 1.7 डिग्री कम है।

बिलासपुर में तेजी से गिर रहा तापमान

बिलासपुर में भी ठंड बढ़ने लगी है। वहां का अधिकतम तापमान सामान्‍य से दो डिग्री कम 28.4 रिकार्ड किया गया। वहीं, न्‍यूनतम तापमान 3.6 डिग्री कम 13 डिग्री दर्ज किया गया है। पेंड्रारोड का अधिकतम तापमान 26.6 और न्‍यूनतम तापमान 10 डिग्री दर्ज किया गया।

अंबिकापुर में दिन में थोड़ी राहत

अंबिकापुर का न्‍यूनतम तापमान 7 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 26.9 डिग्री दर्ज किया गया। वहां दिन में थोड़ी राहत है। जगदलपुर में दिन का तापमान 29 और रात का 12 डिग्री रिकार्ड किया गया।

S. J. Kumar

पत्रकारिता के क्षेत्र में 22 वर्षों से अधिक का गहन अनुभव । सुदीर्घ करियर में राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दी हैं। जटिल मुद्दों के सरल विश्लेषण और खोजी रिपोर्टिंग के साथ राजनीति, प्रशासन और समसामयिक विषयों पर गहरी पकड़ है। पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कारों से भी सम्मानित किया जा चुका है। वर्तमान में Chaturpost.com में सेवाएं दे रहे हैं।
Back to top button