
Weather रायपुर। छत्तीसगढ़ के मध्यम क्षेत्र में मानसून दो दिनों से मेहरबान है। राज्य के मैदानी क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है। राजधानी रायपुर में आज सुबह से झड़ी लगी हुई है। इस बीच मौसम विभाग ने राज्य के तीन संभागों में भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी है।
इन तीन संभागों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने राज्य के जिन तीन संभागों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है उनमें बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग शामिल है। इन संभागों के एक दो स्थानों पर भारी से अतिभारी बारिश हो सकती है।
Weather बिलासपुर संभाग तरबतर, पाली में 26 सेमी बारिश
बीते चौबीस घंटो के दौरान बिलासपुर संभाग के कई स्थानों पर भारी बारिश हुई है। पाली में चौबीस घंटो के दौरान 26 सेमी बारिश हुई, जो पूरे राज्य में सर्वाधिक है। बिलासपुर के ही बेलगहना में 16, मस्तूरी में 14 सेमी बारिश हुई। इसी तरह लोरमी में 11, रतनपुर, जांजगीर, पामगढ़ समेत कई स्थानों पर 10 सेमी तक वर्षा दर्ज की गई है।
कल से बारिश में कमी की संभावना
रायपुर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञों ने बुधवार से राज्य में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना व्यक्त की है। हालांकि सुमद्र से लेकर स्तह तक अब भी तीन सिस्टम सक्रिय हैं, लेकिन मौसम विज्ञानियों का मानना है कि अब सिस्टम कमजोर पड़ने लगे हैं। ऐसे में बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है।
रायपुर के कई हिस्सें में सुबह से हो रही बारिश
राजधानी रायपुर के कई हिस्सों में मंगलवार सुबह से ही बारिश हो रही है। हल्की बौछारों के साथ बीच-बीच में तेज बारिश हो रही है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार रायपुर का मौसम आज इसी तरह बना रहेगा। पूरे दिन आसमान में घने बादल छाए रहेंगे और बारिश होती रहेगी।
Weather आज के मौसम को लेकर अनुमान
मौसम विभाग ने मंगलवार को पूरे राज्य में बादल छाए रहने की भविष्यवाणी की है। साथ ही राज्य के अधिकांश स्थानों पर बारिश होने की भी संभावना व्यक्त की है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार राज्य के उत्तरी हिस्सों में आज तेज बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन राज्य के बाकी हिस्सों विशेष रुप से मैदानी क्षेत्रों में कहीं- कहीं भारी बारिश हो सकती है।




