Site icon Chatur Post

Dhan Kharidi: धान पर घमासान: छत्‍तीसगढ़ में कांग्रेस का धान खरीदी केंद्र चलो अभियान, जानिए.. क्‍या करेगी कांग्रेस

Dhan Kharidi: रायपुर। छत्‍तीसगढ़ में कांग्रेस कल धान खरीदी केंद्र चलो अभियान चलाएगी। इसके जरिये पार्टी धान खरीदी केंद्रों में किसानों की समस्याओं को उजागर करेगी। साथ ही किसानों की समस्याओं के निराकरण के लिए सरकार का ध्यान आकर्षित करेगी। कांग्रेस के नेता प्रदेश की सोसायटियों में निरीक्षण करने जाएंगे, किसानों से चर्चा करेंगे। वरिष्ठ नेताओं को जिलेवार जिम्मेदारी दी गई है।पूर्व सीएम भूपेश बघेल रायपुर जिला तिल्‍दा के ग्राम माठ स्थित धान खरीदी केंद्र जाएंगे।

पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि धान खरीदी केंद्रों में फैली अव्यवस्था, बारदानों की कमी और टोकन के लिए सरकार की तरफ से जारी किए गए निर्देशों और मीलरों द्वारा धान का उठाव नहीं करने के कारण किसान परेशान है। सरकार धान खरीदी सुचारू रूप से चलाने का झूठा दावा कर रही है।

Dhan Kharidi: बैज ने कहा कि सरकार किसानों के साथ ही समस्या उठाने वालों को धमकाने के बजाए कमियां दुरूस्त करें। धान खरीदी केंद्रों में फैली अव्यवस्था और सरकार द्वारा जारी फरमान के कारण किसानों को धान बेचने में परेशानी हो रही। सरकार दावा कर रही है कि सभी किसानों का पूरा धान 21 क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से खरीदा जाएगा, लेकिन जिस रफ्तार से धान खरीदी हो रही है। सरकार द्वारा घोषित लक्ष्य 160 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी होना असंभव है।

Dhan Kharidi: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि समितियों में बारदाने की कमी है। सरकार ने कहा है कि 50 प्रतिशत नए 50 प्रतिशत पुराने बारदानों का उपयोग किया जाए। 50 प्रतिशत पुराने बारदाने समितियों में पहुंचे ही नहीं है, जिसके कारण धान खरीदी बाधित हो रही है।

टोकन काटने के बाद भी किसान अपना धान बेच नहीं पा रहे है, क्योंकि टोकन कटने की तारीख से 3 से 7 दिन बाद धान बेचने के लिए किसानों को बुलाया जा रहा है। साथ ही सोसाइटियों ने 15 दिसंबर तक टोकन काटने के बाद टोकन काटना बंद कर दिया है। सोसाइटियों को निर्देश है कि एक दिन में अधिकतम 752 क्विंटल यानी 1880 कट्टा धान ही खरीदा जाना है।

ऐसे में एक किसान का शेष धान के लिए उसको आगामी दिनों की तारीख दी जा रही है। सरकार भले ही घोषणा कर रही है पूरा धान खरीदेंगे, लेकिन जिस रफ्तार से खरीदी हो रही उससे किसान चिंतित है। कांग्रेस किसानों की समस्याओं को सामने लाने धान खरीदी केंद्र जा रही है।

Exit mobile version