
Field Visit रायपुर। छत्तीसगढ़ के शासकीय सेवक अब क्षेत्र भ्रमण (Field Visit) के नाम पर कार्यालय से गायब नहीं हो पाएंगे। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने गुरुवार को एक आदेश जारी किया है।
सरकार के संज्ञान में आया मामला
जीएडी ने अपने आदेश में लिखा है कि सरकार के संज्ञान में आया है कि विभिन्न विभागों के अधिकारियों के क्षेत्र भ्रमण (Field Visit) और दौरों के कारण कार्यालयीन कार्य और आम जनता से भेंट के समय में अनियमितता हो रही है। ऐसे में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को सुव्यवस्थित करने और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए निर्देश जारी किया गया है।
कार्यालयीन उपस्थिति (मंगलवार से बुधवार)
राज्य के समस्त राजपत्रित एवं अराजपत्रित अधिकारी मंगलवार एवं बुधवार को अनिवार्य रूप से अपने मुख्यालय/कार्यालय में उपस्थित रहेंगे। इस अवधि में कार्यालयीन नस्तियों (Files) का निराकरण, विभागीय समीक्षा एवं आम जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
दौरा कार्यक्रम (गुरुवार और शुक्रवार)
क्षेत्रीय निरीक्षण, निरीक्षण (Inspections), और अन्य बाह्य कार्यों हेतु केवल गुरुवार एवं शुक्रवार का दिन निर्धारित किया जाता है। अधिकारी अपने क्षेत्र भ्रमण का कार्यक्रम इसी अवधि में नियोजित करेंगे।
विशेष परिस्थिति
आदेश में कहा गया है कि अति आवश्यक कार्य, कानून व्यवस्था, या वरिष्ठ कार्यालय द्वारा आहूत बैठकों की स्थिति में ही उक्त समय-सारणी में परिवर्तन मान्य होगा।
अनुपालन
जीएडी ने लिखा है कि इस इन निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रकार का उल्लंघन अनुशासनहीनता की श्रेणी में माना जाएगा।





