भारतमुख्य पृष्ठराज्य

CG Weather शीतलहर की चपेट में छत्‍तीसगढ़: माना -4.9, दुर्ग –5.5 अंबिकापुर -4.3, ठंड से अब तक 3 मौत

CG Weather रायपुर। छत्‍तीसगढ़ मे इस बार ठंड कहर बरपा रहा है। राज्‍य के बड़े हिस्‍से में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठंड के कारण दिसंबर से अब तक राज्‍य में तीन लोगों की मौत हो चुकी है। मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि हिमालय क्षेत्र में जिस तरह बर्फबारी हो रही है, उससे ठंड अभी और बढ़ सकती है।

सामान्‍य से नीचे चल रहा न्‍यूनतम तापमान

सर्द हवाओं का असर न्‍यूनतम तापमान पर ज्‍यादा पड़ रहा है। राजधानी के माना का न्‍यूनतम तापमान सामान्‍य से 4.9 डिग्री नीचे चला गया है। वहां रात का तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

दुर्ग का न्‍यूनतम तापमान 8 डिग्री के करीब पहुंच गया है, यह सामान्‍य से 5.5 डिग्री कम है। इसी तरह अंबिकापुर का न्‍यूनतम तापमान सामान्‍य से 4.3 डिग्री कम 4.4 रिकार्ड किया गया।

उत्‍तर से दक्षिण तक पहुंची ठंड

छत्‍तीसगढ़ मे ठंड का असर अभी तक राज्‍य के उत्‍तरी हिस्‍से यानी सरगुजा संभाग में दिख रहा था, लेकिन सप्‍ताहभर में यह मध्‍य छत्‍तीसगढ़ से होती हुई दक्षिणी छत्‍तीसगढ़ के बस्‍तर संभाग तक पहुंच गया है। जगदलपुर का न्‍यूनतम तापमान भी गिरकर 8 डिग्री तक पहुंच गया है, जो सामान्‍य से 3.5 डिग्री सेल्सियस कम है।

कोहरे का भी कहर

राज्‍य के उत्‍तर और मध्‍य क्षेत्र में रात में कड़ाके की ठंड और दिन में कोहरे का कहर देखा जा रहा है। मैदानी क्षेत्रों  में दिन चढ़ने के साथ कोहरे में कमी आ जा रही है, लेकिन सरगुजा संभाग के साथ बिलासपुर के आसपास के पहाड़ी और जंगल वाले इलाकों में दोपहर तक कोहरा का असर देखा जा रहा है।

छत्‍तीसगढ़ में ठंड से अब तक तीन मौत

छत्‍तीसगढ़ में इस सीजन में ठंड की वजह से तीन लोगों की जान जा चुकी है। 7 जनवरी को कोरबा में एक 55 वर्षीय व्‍यक्ति की ठंड से मौत हो गई। उसका शब बस स्‍टैंड से बरामद किया गया, जबकि दो मौतें अंबिकापुर में हो चुकी है।

मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

मौसम विभाग ने राज्‍य के बड़े हिस्‍सें में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। विशेष रुप से सरगुजा संभाग के अधिकांश स्‍थानों के साथ ही रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कुछ क्षेत्रों में शीतलहर चल सकती है।

Back to top button