
T20 रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 23 जनवरी को भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले टी- 20 अंतरराष्ट्रीय मैच के लिए टिकट की बिक्री शुरू हो गई है। गुरुवार को प्रेसवार्ता में छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ ने मैच की तैयारियों, टिकट दरों और सुरक्षा प्रबंधों की आधिकारिक जानकारी मीडिया के साथ साझा की है।
टिकट दर और बिक्री प्रक्रिया
सीएससीएस ने इस मुकाबले के लिए टिकटों की विस्तृत श्रेणी घोषित की है। छात्रों के लिए न्यूनतम टिकट 800 रुपए में उपलब्ध होगी, जो अपर स्टैंड में खरीदी जा सकेगी। सामान्य दर्शकों के लिए टिकट 2,000 रुपए से 3,500 रुपए तक रखी गई है। विशेष सुविधा वाले स्टैंड सिल्वर, गोल्ड और प्लेटिनम की टिकट 7,500 रुपए से 12,500 रुपए तक हैं, जिनमें भोजन की सुविधा शामिल है। सबसे महंगी टिकट कॉर्पोरेट बॉक्स की है, जिसकी कीमत 25,000 रुपए निर्धारित की गई है।
ऑनलाइन बिक्री शुरू
टिकटों की ऑनलाइन बिक्री गुरुवार शाम 7 बजे से Ticketgenie की वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर शुरू होगी। ऑफलाइन टिकट स्टेडियम परिसर से 19 जनवरी से उपलब्ध होंगी। प्रत्येक व्यक्ति अधिकतम चार टिकट ही खरीद सकेगा।
स्टेडियम में भोजन और जलपान की व्यवस्था
मैच के दिन दर्शकों के लिए स्टेडियम में समोसा, सैंडविच, बर्गर, मोमो, पॉपकॉर्न और पिज़्ज़ा जैसी विविध खाद्य सामग्री निर्धारित दरों पर उपलब्ध रहेगी। कीमतें इस प्रकार हैं:
समोसा- 50 रुपए की एक
सैंडविच- 60 रुपए रुपए की एक
बर्गर- 80 रुपए की एक
पॉपकॉर्न कोन 60 रुपए
टब 100 रुपए
स्टीम वेज मोमो 150 रुपए
स्टीम चिकन मोमो 200 रुपए
फ्राइड वेज मोमो 200रुपए
फ्राइड चिकन मोमो 250 रुपए
पिज़्ज़ा : 250 रुपए
स्टेडियम में टीम इंडिया से संबंधित टी-शर्ट और अन्य मर्चेंडाइज भी बिक्री के लिए उपलब्ध रहेगी।
सुरक्षा और व्यवस्थाएं
छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अध्यक्ष विजय शाह ने बताया कि पिछली बार सुरक्षा को लेकर कुछ चूक हुई थी। सीएससीएस ने भी इस पर संज्ञान लिया था। पूरी तरह से आश्वस्त किया गया है कि इस बार ऐसा कुछ नहीं होगा।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष प्रबंध किए हैं। स्टेडियम के 13 गेटों पर लोहे की रेलिंग लगाई गई है। प्रथम पारी समाप्त होने के बाद किसी भी दर्शक को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
मैच के दौरान 350 से अधिक प्राइवेट बाउंसर्स तैनात रहेंगे और 45 सीएससीएस अधिकारी पुलिस प्रशासन के साथ स्टेडियम में मौजूद रहेंगे। पिछले मैचों में दर्शकों द्वारा मैदान में प्रवेश की घटनाओं से सबक लेते हुए इस बार बाउंसर्स को बाउंड्री पर भी तैनात किया जाएगा।
टीमों का शेड्यूल और सदस्य
टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 21 जनवरी को नागपुर में खेला जाएगा। इसके पश्चात् दोनों टीमें 22 जनवरी को रायपुर पहुंचेगी और स्टेडियम में अभ्यास सत्र में भाग लेंगी।
टीम इंडिया के खिलाड़ी सूर्यकुमार यादव (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल (उपकप्तान) सहित कुल 15 खिलाड़ी। न्यूजीलैंड के सदस्य: मिचेल सैंटनर (कप्तान), मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी सहित कुल 15 खिलाड़ी।
आयोजकों की अपील
सीएससीएस ने आम जनता से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक स्रोत Ticketgenie वेबसाइट और ऐप के माध्यम से ही टिकट खरीदें और सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों या असत्य जानकारियों से दूर रहें। अधिकारियों का कहना है कि यह मुकाबला न केवल क्रिकेट प्रेमियों के लिए यादगार रहेगा, बल्कि रायपुर को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर मजबूती से स्थापित करेगा।







