कर्मचारी हलचल

CSPTCL कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले: SBI के साथ हुआ बड़ा करार; अब मिलेगा 1.60 करोड़ का बीमा कवर और कई फ्री सुविधाएं

रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी (CSPTCL) ने अपने अधिकारियों और कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता किया है। ‘कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज’ (CSP) के तहत हुए इस एमओयू (MoU) से कंपनी के हजारों कर्मचारियों को उन्नत बैंकिंग सुविधाओं के साथ-साथ करोड़ों रुपए का व्यापक बीमा कवच प्राप्त होगा।

यह महत्वपूर्ण अनुबंध ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।

बीमा सुरक्षा: 1.60 करोड़ रुपए तक का कवर

ट्रांसमिशन कंपनी के कार्यपालक निदेशक (वित्त) एमएस चौहान ने इस योजना के फायदों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस समझौते के तहत कर्मचारियों को निम्नलिखित बीमा लाभ मिलेंगे:

  • पर्सनल एक्सीडेंट बीमा: 1 करोड़ रुपए तक का कवर।
  • एयर एक्सीडेंट बीमा: 1 करोड़ 60 लाख रुपए तक की सुरक्षा।
  • विकलांगता कवर: स्थायी पूर्ण विकलांगता पर 1 करोड़ रुपए और आंशिक विकलांगता पर 80 लाख रुपए तक की सहायता।
  • डेबिट कार्ड बेनिफिट: एसबीआई रूपे डेबिट कार्ड के माध्यम से अलग से 10 लाख रुपए का पर्सनल एक्सीडेंट कवर और श्रेणी के अनुसार 50 लाख से 1 करोड़ रुपए तक का एयर एक्सीडेंट बीमा।

बैंकिंग और लाइफस्टाइल में प्रीमियम सुविधाएं

सिर्फ बीमा ही नहीं, बल्कि बैंकिंग सेवाओं को भी बेहद सुलभ और सस्ता बनाया गया है:

  • जीरो बैलेंस खाता: खाते में न्यूनतम बैलेंस रखने की अनिवार्यता खत्म।
  • फ्री ट्रांजैक्शन: एसबीआई एटीएम पर अनलिमिटेड ट्रांजैक्शन और निःशुल्क इंटरनेट बैंकिंग।
  • रियायतें: आरटीजीएस (RTGS), एनईएफटी (NEFT) और लॉकर किराए में विशेष छूट।
  • लाइफस्टाइल ऑफर्स: श्रेणी के अनुसार कर्मचारियों को अमेजन प्राइम की सदस्यता, एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस, जिम, स्पा और यात्रा-मनोरंजन से जुड़े विशेष ऑफर भी मिलेंगे।

प्रबंधन की अपील: जल्द पूरी करें औपचारिकताएं

कंपनी प्रबंधन ने सभी कर्मचारियों से अपील की है कि वे इस योजना का अधिकतम लाभ उठाने के लिए अपनी संबंधित एसबीआई शाखा से संपर्क करें। अपने मौजूदा खाते को इस कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज में बदलने के लिए आवश्यक दस्तावेज और औपचारिकताएं जल्द पूरी करें।

इस अवसर पर ये रहे उपस्थित: इस कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी के कार्यपालक निदेशक (वित्त) संदीप मोदी, ट्रांसमिशन कंपनी के एजीएम मुकेश कश्यप, एसबीआई के डीजीएम राकेश कुमार सिन्हा और असिस्टेंट जीएम राम विनोद सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

S. J. Kumar

पत्रकारिता के क्षेत्र में 22 वर्षों से अधिक का गहन अनुभव । सुदीर्घ करियर में राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दी हैं। जटिल मुद्दों के सरल विश्लेषण और खोजी रिपोर्टिंग के साथ राजनीति, प्रशासन और समसामयिक विषयों पर गहरी पकड़ है। पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कारों से भी सम्मानित किया जा चुका है। वर्तमान में Chaturpost.com में सेवाएं दे रहे हैं।
Back to top button