जॉब करिअर

CSPDCL और CSPGCL में JE से AE प्रमोशन के कोटे पर विधानसभा में सवाल: जानिए- CM की तरफ से क्‍या आया उत्‍तर

CSPDCL रायपुर। छत्‍तीसगढ़ की सरकारी बिजली वितरण और बिजली उत्‍पादन कंपनी में सहायक अभियंता के रिक्‍त पद और पदोन्‍नति कोटा पर सवाल पूछा गया। इस पर मुख्‍यमंत्री विष्‍णुदेव साय की तरफ से लिखित उत्‍तर आया है।

कांग्रेस विधायक  सावित्री मनोज मंडावी ने पूछा सवाल

बिजली कंपनी में सहायक अभियंता के रिक्‍त पद और पदोन्‍नति कोटा में कमी को लेकर कांग्रेस विधायक सावित्री मंडावी ने सवाल किया था। विधानसभा के मौजूदा बजट सत्र में पूछे गए इस प्रश्‍न का मुख्‍यमंत्री विष्‍णुदेव साय की तरफ से लिखित उत्‍तर आया है।

यह सवाल पूछा गया

सवाल- छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत पावर डिस्ट्रीब्यूशन / जनरेशन कम्पनी में पूरे प्रदेश में सहायक अभियंता के कितने पद रिक्त हैं ? रिक्तियों की जिलेवार संख्‍या कितनी है और रिक्त पदों की पूर्ति कब तक कर ली जाएगी ?

मुख्‍यमंत्री का उत्‍तर-  छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड एवं छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर जनरेशन कंपनी लिमिटेड में सहायक अभियंता के क्रमशः 53 और 51 पद रिक्त हैं। सहायक अभियंता के पद पर भर्ती जिलेवार नहीं अपितु प्रदेश स्तर पर की जाती है। रिक्त पदों पर भर्ती कब तक कर ली जाएगी इसकी समय सीमा बताया जाना संभव नहीं है।

CSPDCL पदोन्‍नति कोटा पर सवाल

सवाल-  क्या कंपनी में कनिष्ठ अभियंता से सहायक अभियंता के पद पर पदोन्नति का कोटा 70% से घटाकर 40% कर दिया गया है ? यदि हॉ, तो क्या आने वाले समय में पदोन्नति कोटा को पूर्व की भांति 70% किया जाएगा?

मुख्‍यमंत्री का उत्‍तर- अपने लिखित उत्‍तर में मुख्‍यमंत्री ने पदोन्‍नति कोटा को घटाए जाने की बात स्‍वीकार की है। मुख्‍यमंत्री की तरफ से दिए गए उत्‍तर में कहा गया है कि पदोन्नति कोटा को पूर्व की भांति 70% किए जाने का वर्तमान में कोई प्रस्ताव नहीं है।

Back to top button