मुख्य पृष्ठ

Kalpana Verma  छत्तीसगढ़ की चर्चित महिला DSP सस्पेंड: इन शिकायतों के आधार पर किया गया निलंबित

Kalpana Verma  रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य की चर्चित महिला उप पुलिस अधीक्षक को सस्पेंड कर दिया है। सरकार ने कार्यवाही महिला डीएसपी के खिलाफ मिली शिकायतों की जांच के बाद की है।

गृह विभाग से जारी आदेश के अनुसार महिला डीएसपी कल्पना वर्मा को निंलबत कर दिया गया है। डीएसपी कल्पना वर्मा अभी दंतेवाड़ा में पदस्थ हैं।  कल्पना के खिलाफ सरकार को गंभीर शिकायतें मिली थी, जिसके बाद यह कार्यवाही की गई है।

निलंबन आदेश में कहा गया है कि कल्पना वर्मा के विरूद्ध प्राप्त शिकायत की प्राथमिक जांच प्रतिवेदन में वित्तीय लेनदेन, जांच में दिए गए कथन और व्हाट्सएप चैट के तथ्यों में विरोधाभासी, कर्तव्य के दौरान अवैध आर्थिक लाभ प्राप्त करना, अपने पद का दुरूपयोग करना एवं अनुपातहीन सम्पत्ति अर्जित करना प्रतिवेदित किया गया। उक्त कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम, १९६५ के नियम-३ के विपरीत है।

निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर, अटल नगर रहेगा। निलंबन अवधि में इन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

होटल कारोबारी ने लगाया ठगी का आरोप

डीएसपी कल्पना वर्मा पर रायपुर के कारोबारी दीपक टंडन ने गंभीर आरोप लगाया है। आरोप है कि 2021 से महिला डीएसपी ने कथित तौर पर लव ट्रैप के जरिए उनसे करीब 2.5 करोड़ रुपए की वसूली की। आरोपों में करीब 2 करोड़ रुपए कैश, एक लग्जरी कार, 12 लाख की डायमंड रिंग, 5 लाख रुपए के सोने के गहने और अन्य महंगे गिफ्ट्स शामिल बताए गए हैं।

एएसपी राठौर को सौंपी गई थी जांच

होटल कारोबारी दीपक टंडन के आरोपों के बाद विवाद खड़ा हो गया। इसके बाद पुलिस मुख्यालय ने रायपुर के तत्कालीन एडिशन एसपी कीर्तन राठौर को जांच की जिम्मेदारी सौंपी थी। नक्सल प्रभावित क्षेत्र में पदस्थ डीएसपी कल्पना वर्मा पर कारोबारी से न सिर्फ बड़ी रकम और महंगे गिफ्ट  लेने बल्कि वॉट्सऐप चैट के जरिए विभाग की खुफिया जानकारियां भी साझा करने का आरोप लगा है।  एएसपी श्री राठौर ने करीब 1,400 पन्नों की जांच रिपोर्ट सौंपी है।

जांच में लेनदेन की पुष्टि

सूत्रों के अनुसार जांच में होटल कारोबारी से रुपए लेने की पुष्टि हुई है। जांच में सामने आया है कि डीएसपी ने अपने भाई के नाम पर होटल खोलने के बहाने कारोबारी से रुपए लिए।

चैट हुआ वायरल

यह मामला बीते करीब दो महीने से मीडिया की सुर्खियों में बना हुआ है। इस दौरान कारोबारी और महिला डीएसपी के बीच वाट्सएप पर हुए चैट का स्क्रीन शार्ट भी सोशल मीडिया में जमकर वायरल हुआ।

Back to top button