Monsoon 2025 रायपुर। भारत के लोगों को इस बार गर्मी की तेज मार से जल्द राहत मिलने की संभावना दिख रही है। इस वर्ष समय से पहले बारिश होने की उम्मीद है। पूरे भारत में झमाझम बारिश लेकर आने वाला दक्षिण पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। मानसून की मौजूदा रफ्तार को देखते हुए इस बार इसके समय से पहले ही पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
मौसम विभाग की तरफ से जारी ताजा रिपोर्ट के अनुसार परिस्थितियां मानसून के अनुकूल बनी हुई है। मानसून अगले एक- दो दिना में दक्षिण अरब सागर, दक्षिणी बंगाल की खाड़ी समेत कुछ अन्य हिस्सों में पहुंच जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार मानसून इस बार करीब 10 दिन पहले कुछ हिस्सों में पहुंच चुका है। इसे देखते हुए मानसून के समय से पहले भारत पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
दक्षिण पश्चिम मानसून प्राय: केरल के रास्ते भारत पहुंचता है। मानूसन विभाग के मानूसन एक जून को केरल तट पर पहुंचता है, लेकिन इस बार इसके 25 से 28 मई के बीच केरल तट से टकराने की संभावना जताई जा रही है।
मानसून केरल के रास्ते भारत में प्रवेश करता है और धीरे-धीरे आगे बढ़ता है। पांच जुलाई तक मानसून पूरे देश में सक्रिय हो जाता है। मानूसन सबसे लंबे समय तक दक्षिण के राज्यों में ही सक्रिय रहता है।
भारत में एक जून को केरल के रास्ते पहुंचता और 10 जून तक दक्षिण के सभी राज्यों के साथ ही महाराष्ट्र के कुछ हिस्सो में सक्रिय हो जाता है। 10 जून को छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ हिस्सों में सक्रिय होता और 15 जून तक पूरे ओडिशा के साथ बंगाल और छत्तीसगढ़ के आधे हिस्से में सक्रिय हो जाता है।
मध्य प्रदेश में मानसून 15 जून को इंटर करता है। उत्तर में बिहार के भी आधे हिस्से में भी मानसून सक्रिय होता है। 20 जून तक मानूसन मध्य प्रदेश के बड़े हिस्से के साथ ही उत्तर प्रदेश में भी सक्रिय हो जाता है। 25 जून तक गुजरात, दिल्ली, हरियाणा जम्मू- कश्मीर होते हुए पांच जुलाई तक राजस्थान के बड़े हिस्से में सक्रिय हो जाता है।